home page

जिलाधिकारी ने बाल संरक्षण गृह का किया औचक निरीक्षण, बच्चों से की सीधी बात

 | 
जिलाधिकारी ने बाल संरक्षण गृह का किया औचक निरीक्षण, बच्चों से की सीधी बात


मीरजापुर, 05 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर के जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने मंगलवार को मोर्चाघर स्थित जिला बाल संरक्षण गृह का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कक्षवार कार्यालय, स्टोर, खेल व म्यूजिक कक्ष, भोजनालय और शौचालय का निरीक्षण किया।

जिलाधिकारी ने संरक्षण गृह में रह रहे किशोरों से सीधे संवाद कर उन्हें मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने स्वास्थ्य, शिक्षा, भोजन, खेलकूद और व्यवहारिक प्रशिक्षण के बारे में पूछताछ की। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि निर्धारित मीनू के अनुसार समय से भोजन उपलब्ध कराया जाए और मुख्य चिकित्साधिकारी के माध्यम से नियमित स्वास्थ्य परीक्षण सुनिश्चित किया जाए।

इस दौरान उन्होंने कुछ किशोरों से उनकी पढ़ाई के बारे में भी जानकारी ली और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। साफ-सफाई व रखरखाव व्यवस्था पर संतोष जताते हुए कहा कि यहां रहने वाले बच्चों को ऐसी शिक्षा व प्रशिक्षण दिया जाए, जिससे वे समाज की मुख्यधारा से जुड़ सकें। निरीक्षण के समय बाल संरक्षण गृह के अध्यक्ष राम रक्षा पांडेय, जिला प्रोबेशन अधिकारी शक्ति त्रिपाठी व महिला कल्याण अधिकारी पूजा मौर्य सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा