home page

छत से गिरने के बाद घायल महिला ने तोड़ा दम

 | 
छत से गिरने के बाद घायल महिला ने तोड़ा दम


मीरजापुर, 23 जुलाई (हि.स.)। जमालपुर थाना क्षेत्र के भदावल गांव में छत से गिरकर गंभीर रूप से घायल हुई 23 वर्षीय महिला की इलाज के दौरान बीएचयू ट्रॉमा सेंटर, वाराणसी में मौत हो गई। घटना से परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

परिजन के अनुसार गुरुवार तड़के करीब चार बजे पिंकी सिंह नींद से उठने के बाद छत के बारजे के पास पहुंची। इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से वह आंगन में गिर गई। गंभीर रूप से घायल होने पर परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जमालपुर ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने हालत नाजुक देखते हुए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। वहां उपचार के दौरान शाम को उसकी मौत हो गई।

मृतका के पति राजबहादुर सिंह ने बताया कि पिंकी पिछले छह माह से मानसिक बीमारी का उपचार करा रही थी। वह अपने पीछे तीन वर्षीय पुत्री श्रेया और छह माह की श्रेयांशी को छोड़ गई है। राजबहादुर खेती-किसानी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा