home page

मीरजापुर: बदेवरानाथ धाम में राम मंदिर का न्यायमूर्ति मंजू रानी चौहान ने किया लोकार्पण

 | 
मीरजापुर: बदेवरानाथ धाम में राम मंदिर का न्यायमूर्ति मंजू रानी चौहान ने किया लोकार्पण


मीरजापुर, 25 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले में जिगना क्षेत्र के बदेवरा गांव स्थित बदेवरा नाथ धाम में बैशाख शुक्ल पक्ष नवमी तिथि पर शनिवार को मंत्रोच्चारण के बीच नवनिर्मित दिव्य राम मंदिर का भव्य लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि मंजू रानी चौहान (न्यायमूर्ति, प्रयागराज उच्च न्यायालय) ने विधिवत पूजा-अर्चना के बाद मंदिर का उद्घाटन किया।

अपने संबोधन में न्यायमूर्ति मंजू रानी चौहान ने संस्कार और संस्कृति की विरासत को सहेजकर रखने की अपील की। नेगुरा गांव की निवासी न्यायमूर्ति ने कहा कि बदेवरा नाथ धाम का कायाकल्प देखकर उन्हें आत्मिक आनंद की अनुभूति हुई है। उन्होंने यहां ग्राम न्यायालय की स्थापना की घोषणा भी की। साथ ही मंदिर परिसर में ग्रेनाइट व इंटरलॉकिंग कार्य की सराहना की।

इस अवसर पर जयकृष्ण उपाध्याय (न्यायमूर्ति) ने मंदिर निर्माण के प्रणेता भदोही जनपद के जंगीगंज क्षेत्र स्थित जगापुर गांव निवासी धर्मप्राण निखिलेश मिश्रा की मुक्तकंठ से प्रशंसा की। खैरा गांव निवासी न्यायमूर्ति ने कहा कि बीते पांच वर्षों में बदेवरा नाथ धाम एक प्रमुख धार्मिक स्थल के रूप में विकसित हुआ है।

लोक सेवा आयोग के सदस्य कल्पराज सिंह ने कहा कि मंदिर निर्माण जैसा पुनीत कार्य करने वाले सम्मान के पात्र हैं। कार्यक्रम में प्रधान माहेश्वरी उपाध्याय तथा मंदिर निर्माणकर्ता पवन मिश्र व निखिलेश मिश्र ने अतिथियों को अंगवस्त्र और बदेवरा नाथ का चित्र भेंटकर सम्मानित किया।

कार्यक्रम का संचालन एसोसिएट प्रोफेसर रंजना त्रिपाठी ने किया। इस दौरान प्रकाश पांड्या (न्यायमूर्ति), जिला पंचायत अध्यक्ष राजू कन्नौजिया, करमेश चंद्र तिवारी, अवधराज उर्फ पप्पू सिंह, प्रेम बहादुर सिंह सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

समापन पर आयोजित भंडारे में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया और धार्मिक वातावरण में आयोजन सम्पन्न हुआ।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा