home page

अवैध रूप से पेड़ों की कटाई कर लकड़ियों का भंडारण, वन विभाग पर मिलीभगत का आरोप

 | 
अवैध रूप से पेड़ों की कटाई कर लकड़ियों का भंडारण, वन विभाग पर मिलीभगत का आरोप


मीरजापुर, 29 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर में एक ओर सरकार वनों की सुरक्षा और हरित आवरण बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है, वहीं दूसरी ओर जिम्मेदारों की लापरवाही से जंगलों में अवैध कटान का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। जिले के ड्रमंडगंज वन रेंज क्षेत्र के भैसोड़ बलाय पहाड़ गांव में अवैध रूप से पेड़ों की कटाई कर लकड़ियों का भंडारण किए जाने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने वन विभाग पर मिलीभगत का आरोप लगाया है।

शुक्रवार को मध्य प्रदेश सीमा से सटे भैसोड़ बलाय पहाड़ गांव की गुलरिहा बस्ती में बबूल, जामुन, इमली और यूकेलिप्टस के पेड़ों की काटी गई लकड़ियों को ट्रक पर लादकर भेजा जा रहा था। ग्रामीणों के अनुसार मध्य प्रदेश के हनुमना निवासी एक लकड़ी कारोबारी द्वारा कई महीनों से जंगल से करीब आधा किलोमीटर दूर विभिन्न प्रजातियों की लकड़ियों का अवैध भंडारण किया जा रहा है।

ग्रामीणों का आरोप है कि वन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की मिलीभगत से जंगलों में धड़ल्ले से पेड़ों की कटाई की जा रही है। इससे क्षेत्र के जंगल लगातार वीरान होते जा रहे हैं और सरकार की वनावरण बढ़ाने की योजना पर पानी फिरता नजर आ रहा है। इस संबंध में वनरक्षक अनादि नाथ तिवारी ने बताया कि मध्य प्रदेश के एक लकड़ी कारोबारी द्वारा वहां से काटी गई लकड़ियों का भैसोड़ बलाय पहाड़ में भंडारण किया गया है। वहीं मीरजापुर के डीएफओ राकेश कुमार प्रजापति ने कहा कि मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। अवैध कटान करने वालों के विरुद्ध अभियान चलाकर सख्त कदम उठाए जाएंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा