home page

आईटीआई में प्रवेश के लिए प्रथम चरण का चयन परिणाम घोषित, 27 अगस्त से 4 सितंबर तक होंगे प्रवेश

 | 
आईटीआई में प्रवेश के लिए प्रथम चरण का चयन परिणाम घोषित, 27 अगस्त से 4 सितंबर तक होंगे प्रवेश


लखनऊ, 26 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश राज्य व्यावसायिक प्रशिक्षण परिषद अलीगंज, लखनऊ ने प्रदेश में चल रहे राजकीय/निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में सत्र 2026 (छह माह), सत्र 2026-27 (एक वर्षीय) एवं सत्र 2026-28 (दो वर्षीय) का प्रथम चरण का चयन परिणाम घोषित कर दिया गया है।

इस संबंध में विशेष सचिव, व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास और उद्यमशीलता विभाग/अधिशासी निदेशक एस.सी.वी.टी. अभिषेक सिंह ने बुधवार को बताया कि अभ्यर्थी अपने प्रवेश परिणाम की जानकारी के लिए वेबसाइट http://www.scvtup.in अथवा http://www.upvesd.gov.in/dte देखें। प्रथम चरण के प्रवेश की तिथि 27 अगस्त 2026 से 04 सितम्बर 12026 तक (अवकाश सहित) निर्धारित है।

अभ्यर्थी दिये गये लिंक पर क्लिक करें, एवं अपना पंजीकरण संख्या और जन्मतिथि अंकित करें। यदि अभ्यर्थी का चयन हुआ है तो उसका बुलावा पत्र प्रदर्शित होगा, जिसका वह प्रिन्ट प्राप्त कर सकता है। अभ्यर्थी द्वारा ऑनलाइन आवेदन में दिये गये मोबाइल नम्बर पर चयनित अभ्यर्थी को उसके चयन की सूचना एस.एम.एस द्वारा भी दी जा रही है। चयन न होने की दशा में उसकी रैंक सूचना सहित प्रदर्शित होगी तथा अभ्यर्थी को अगले प्रवेश चरण की प्रतीक्षा करनी होगी।

प्रवेशित अभ्यर्थी अपने बुलावा पत्र की प्रति, समस्त मूल प्रमाण-पत्रों, अंक पत्रों की प्रति एवं उनकी एक-एक प्रमाणित प्रति तथा दो पासपोर्ट साइज फोटो के साथ सम्बन्धित प्रवेशित संस्थान के प्रधानाचार्य से अन्तिम निर्धारित तिथि के पूर्व सम्पर्क करके संस्थान में उपलब्ध प्रवेश लिस्ट से जाँच करवाने के उपरान्त अपना प्रवेश ले लें।

अभ्यर्थी बुलावा पत्र में अंकित विवरण के अनुसार राजकीय एवं निजी संस्थान में प्रवेश के समय अपग्रेडेशन प्रक्रिया में भाग लेने की स्थिति के अनुसार FREEZE (स्थिर) एवं FLOAT (विस्थापित) उपरोक्त दोनों विकल्पों में से किसी एक विकल्प का चयन करते हुए प्रवेश की कार्यवाही पूर्ण करानी होगी। अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी अपने नजदीकी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान से सम्पर्क कर सकता है अथवा हेल्प डेस्क: 0522-4150500, 7897992063 पर संपर्क कर सकते हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा