home page

आईजीआरएस पर जनशिकायतों के निस्तारण में फिरोजाबाद पुलिस को प्रदेश में मिला पहला स्थान

 | 
आईजीआरएस पर जनशिकायतों के निस्तारण में फिरोजाबाद पुलिस को प्रदेश में मिला पहला स्थान


फिरोजाबाद, 10 जून (हि.स.)। आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त जनशिकायतों के निस्तारण में जनपद फिरोजाबाद पुलिस ने माह मई-2026 में प्रदेश के 75 जनपदों में प्रथम रैंक प्राप्त की है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देश पर जनपद में आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त जनशिकायतों के निस्तारण में यह उपलब्धि जनपद फिरोजाबाद द्वारा 75 जनपदों के मध्य लगातार तीसरी बार उत्तर प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। जनपद फिरोजाबाद को आईजीआरएस पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण में 125 में से पूरे 125 अंक प्राप्त किए हैं। माह मई 2026 में आईजीआरएस के माध्यम से कुल 4364 शिकायतें, प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए।जिसमें जनपद पुलिस द्वारा समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्यवाही करते हुए आवेदकों से फीडबैक लेते हुए प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण किया गया। कोई भी प्रार्थना पत्र डिफॉल्टर की श्रेणी में नहीं गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देश में फरियादियों की समस्याओं की रैण्डम जांच हेतु पुलिस कार्यालय से मौके पर जांच अधिकारी भेजकर जांच करायी जाती है। इसके साथ ही प्रतिदिन प्राप्त होने वाली शिकायतों का भौतिक निरीक्षण क्षेत्राधिकारी व थाना प्रभारी द्वारा स्वंय किया जाता है। प्रतिदिन पुलिस कार्यालय टीम द्वारा आवेदकों के पास कॉल कर फीडबैक लिया जाता है यदि आवेदक संतुष्ट नहीं है तो जांच में लापरवाही, शिथिलता पाये जाने पर सम्बन्धित जाँचकर्ता के विरूद्ध कार्यवाही होती है। फिरोजाबाद पुलिस फरियादियों की शिकायतों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के प्रति कटिबद्ध है ।

हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़