फिरोजाबाद में पति ने किया जिंदा पत्नी का पिंडदान, पुलिस से शिकायत
फिरोजाबाद, 03 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में एक पति द्वारा जिंदा पत्नी का पिंडदान करने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जानकारी के बाद पत्नी ने अब पति व ससुरालीजनों के खिलाफ पुलिस से शिकायत की है।
झारखंड निवासी दीपा स्वर्णकार ने थाना लाइनपार क्षेत्र के नगला विष्णु निवासी जितेंद्र प्रकाश से वर्ष 2014 में प्रेम विवाह किया था। शादी के कुछ समय बाद से दंपति के बीच झगड़ा होने लगा। दीपा का आरोप है कि ससुरालीजन दहेज की मांग करते हुए उसे प्रताड़ित करने लगे। 30 जुलाई को पति ने उसके साथ मारपीट की। उन्होंने कमरे में खुद को बंद करके किसी तरह बचाया। दीपा का कहना है कि रविवार को उसके पति ने अपने व्हाट्सएप स्टेट्स पर कुछ वीडियो पोस्ट किए। वीडियो में वह पत्नी दीपा की फोटो लेकर यमुना किनारे पिंडदान करते हुए नजर आ रहा है। युवक ने बाल कटवाने के साथ ही दीपा का फोटो, फूल यमुना में प्रवाहित किए। इसके साथ ही दीपा की फोटो स्टेट्स पर लगाकर नाम के आगे स्वर्गीय भी लिख दिया है।
दीपा का कहना है कि उन्होंने पति की इस हरकत का विरोध किया तो उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि वह उनके लिए मर चुकी है। पति ने घर से निकल जाने की भी धमकी दी। दीपा ने लाइनपार थाने पहुंचकर पुलिस से मामले की शिकायत की है। थाना लाइनपार इंस्पेक्टर रमित कुमार आर्य ने बताया कि आरोपित शराब का आदी है। झगड़े के बाद उसने पत्नी का पिंडदान कर दिया। मारपीट के मामले में महिला की काउंसलिंग कराई जाएगी। समझौता न होने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। थाने में शिकायत होने की जानकारी के बाद आरोपित घर से भाग गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़

