home page

मोर्चरी में इंसानियत शर्मसार! मंडलीय अस्पताल में चूहों ने कुतरा युवक का शव

 | 
मोर्चरी में इंसानियत शर्मसार! मंडलीय अस्पताल में चूहों ने कुतरा युवक का शव


मोर्चरी में इंसानियत शर्मसार! मंडलीय अस्पताल में चूहों ने कुतरा युवक का शव


मीरजापुर, 09 मार्च (हि.स.)। मंडलीय चिकित्सालय की मोर्चरी से एक बेहद शर्मनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। पोस्टमार्टम के लिए रखे गए एक युवक के शव को चूहों द्वारा कुतरने का आरोप लगने के बाद अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया। घटना से नाराज परिजनों और स्थानीय लोगों ने अस्पताल प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया।

शहर कोतवाली क्षेत्र के तरकापुर निवासी श्यामलाल माली का 26 वर्षीय पुत्र किशन रविवार काे आत्महत्या कर लिया था। कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया था।

आरोप है कि मोर्चरी में शव को रखने के बाद अस्पताल प्रशासन की लापरवाही सामने आई। परिजन के अनुसार जब अगले दिन वे शव लेने के लिए मोर्चरी पहुंचे तो उन्होंने देखा कि शव के कई हिस्सों पर घाव जैसे निशान थे। परिजनाें का आरोप है कि मोर्चरी में चूहों ने शव को कई जगह से कुतर दिया था। यह दृश्य देखकर परिजन आक्रोशित हो गए और अस्पताल परिसर में हंगामा शुरू कर दिया।

परिजन ने बताया कि मोर्चरी की हालत बेहद खराब है। वहां न तो साफ-सफाई की उचित व्यवस्था है और न ही सुरक्षा के इंतजाम। उनका आरोप है कि शव को सुरक्षित रखने के लिए लगाया गया डीप फ्रीजर भी ठीक से काम नहीं कर रहा था। जब उन्होंने डॉक्टरों से इस बारे में शिकायत की तो उन्हें खुद ही बर्फ की व्यवस्था करने के लिए कहा गया।

परिजन के मुताबिक, डॉक्टरों ने कहा कि फ्रीजर खराब है, इसलिए शव को सुरक्षित रखने के लिए बर्फ लाकर ढक दिया जाए। इसके बाद परिजनों ने अपने स्तर पर बर्फ की व्यवस्था कर शव को ढकने की कोशिश की। इस दौरान अस्पताल प्रशासन की लापरवाही को लेकर लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला।

घटना की जानकारी फैलते ही अस्पताल परिसर में काफी देर तक हंगामा चलता रहा। स्थानीय लोगों का कहना है कि अस्पताल की व्यवस्थाएं पहले से ही बदहाल हैं और कई बार मरीजों को इलाज के लिए भी परेशान होना पड़ता है।

मामला बढ़ने के बाद प्रशासन ने जांच के आदेश दिए हैं। सीएसएस ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए संबंधित कर्मचारियों से स्पष्टीकरण मांगा गया है और पूरे मामले की जांच के लिए समिति गठित की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा