home page

मानव तन दुर्लभ, इससे आत्मा का कल्याण करें : संत पंकज महाराज

 | 
मानव तन दुर्लभ, इससे आत्मा का कल्याण करें : संत पंकज महाराज


मीरजापुर, 12 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर में 108 दिवसीय जयगुरुदेव जनजागरण यात्रा ने शनिवार को विकासखंड हलिया के मतवार क्षेत्र स्थित रामपुर नौडिहां गांव में 23वां पड़ाव किया। यहां आयोजित सत्संग समारोह में संत पंकज महाराज ने मानव जीवन की महत्ता बताते हुए लोगों से आत्मकल्याण के लिए साधना और सदाचार का मार्ग अपनाने का आह्वान किया।

संत पंकज महाराज ने कहा कि मानव शरीर दुर्लभ है। संत-महात्माओं ने इसे नर-नारायणी देह और ईसा मसीह ने जीवित भगवान का घर बताया है। उन्होंने कहा कि मानव शरीर में आत्मा का निवास है और अंतर की साधना से साधक दिव्य अनुभूतियां प्राप्त कर सकता है। इसलिए मनुष्य को अपने अनमोल जीवन का उपयोग आत्मकल्याण के लिए करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि हिंसा, अपराध और नशे का रास्ता समाज को पतन की ओर ले जाता है। वर्तमान समय में पूरी दुनिया में अशांति का माहौल है। इससे बचने के लिए लोगों को शाकाहार अपनाने और शराब सहित सभी प्रकार के नशे का त्याग करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि जब गांव-गांव में लोग शाकाहारी, सदाचारी और भजन करने वाले होंगे तो उनके विचारों में सकारात्मक बदलाव आएगा और समाज में अच्छे वातावरण का निर्माण होगा।

सत्संग में जिलाध्यक्ष घूरन प्रसाद, संगठन मंत्री एवं प्रवक्ता मोतीलाल सिंह, आरके यादव, पीके पाल, महानंद गुप्त, पंचम सिंह, सुनील कुमार सिंह, रविशंकर पाल समेत रायबरेली की संगत के हरिकेश बहादुर सिंह, रामविलास मौर्य, रामशंकर निर्मल, रामहजूरी मौर्य, गया प्रसाद यादव और दयाराम यादव मौजूद रहे। आयोजन में कमला सिंह का विशेष सहयोग रहा। सत्संग के बाद यात्रा अगले पड़ाव भटवारी गांव के लिए रवाना हो गई। आयोजकों के अनुसार रविवार को सुबह 11 बजे से वहां सत्संग समारोह होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा