home page

शार्ट सर्किट से मकान में लगी आग, पांच लाख का सामान जलकर राख

 | 
शार्ट सर्किट से मकान में लगी आग, पांच लाख का सामान जलकर राख


- थ्रेसर खरीदने के लिए रखे दो लाख रुपये भी जले, पुलिस और फायर ब्रिगेड के नहीं पहुंचने पर ग्रामीणों में आक्रोश

मीरजापुर, 09 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले में राजगढ़ थाना क्षेत्र के पतेरी गांव में दीपावली की रात रविवार को शार्ट सर्किट से एक रिहायशी मकान में आग लग गई। आग की चपेट में आने से आभूषण, कपड़े, खाद्यान्न, घरेलू सामान और दो लाख रुपये नकदी समेत करीब पांच लाख रुपये का सामान जलकर राख हो गया। नकदी थ्रेसर खरीदने के लिए घर में रखी गई थी। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पीड़ित ने पुलिस और फायर ब्रिगेड पर सूचना के बावजूद मौके पर नहीं पहुंचने का आरोप लगाया है।

गांव निवासी अनिल प्रजापति ने बताया कि दीपावली की रात करीब 8:30 बजे वह पत्नी और बच्चों के साथ चचेरे बड़े भाई के बेटे के जन्मदिन समारोह में शामिल होने गए थे। घर में उनकी वृद्ध दादी बरामदे में सो रही थीं। इसी दौरान बिजली के तार में शार्ट सर्किट होने से स्टोर रूम में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।

आग और धुआं उठता देख आसपास के लोगों ने अनिल को सूचना दी। ग्रामीणों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन लपटें तेज होने के कारण घर के अंदर जाना मुश्किल हो गया। आग से संदूक, फ्रिज, अलमारी, गहने, कपड़े, चावल, गेहूं और दो लाख रुपये नकद जल गए।

अनिल का आरोप है कि फायर ब्रिगेड को सूचना देने के साथ ही पीआरवी 112 पर 20 से अधिक बार फोन किया गया, लेकिन कोई मौके पर नहीं पहुंचा। इसके बाद उन्होंने रात करीब 12:30 बजे राजगढ़ थाने पहुंचकर घटना की सूचना दी। दूसरे दिन सोमवार को भी पुलिस के घर नहीं पहुंचने से ग्रामीणों में नाराजगी है। पीड़ित ने तहसील प्रशासन से मुआवजे की मांग की है।

इस संबंध में थाना प्रभारी बालमुकुंद मिश्र ने बताया कि पतेरी गांव में आग लगने की सूचना मिली है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा