home page

अभ्यर्थियों से अधिक किराया न वसूला जाए-एआरटीओ

 | 
अभ्यर्थियों से अधिक किराया न वसूला जाए-एआरटीओ


फर्रुखाबाद, 24 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश होमगार्ड्स के पदों पर एनरोलमेन्ट-2025 की प्रस्तावित लिखित परीक्षा में आने वाले अभ्यर्थियों को आवागमन में कोई परेशानी न हो इसके लिए शुक्रवार को एआरटीओ कार्यालय में बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में प्रमुख रूप से ऑटो-टैम्पो एवं ई-रिक्शा चालक मौजूद रहे।

एआरटीओ (प्रशासन) कृष्ण कुमार यादव ने सभी चालकों को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि परीक्षार्थियों से किसी भी स्थिति में निर्धारित दरों से अधिक किराया न वसूला जाए। जिलों से आने वाले परीक्षार्थी जिले के अतिथि हैं। अतः उनके साथ “अतिथि देवो भवः” की भावना के अनुरूप विनम्र, शिष्ट एवं सहयोगपूर्ण व्यवहार किया जाना चाहिए। किसी भी प्रकार की शिकायत प्राप्त होने पर संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।

एआरटीओ (प्रवर्तन) सुभाष राजपूत ने वाहन चालकों को सख्त निर्देश दिए है कि वे अपने वाहनों में निर्धारित क्षमता के अनुरूप ही सवारियां बैठाएं। किसी भी स्थिति में ओवरलोडिंग न करें। उन्होंने सड़क सुरक्षा के नियमों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने, निर्धारित मार्गों का ही उपयोग करने एवं यातायात व्यवस्था में बाधा उत्पन्न न करने के निर्देश भी दिए। साथ ही यह भी बताया गया कि प्रवर्तन टीमों की सतत निगरानी रखी जाएगी।

बैठक में उपस्थित चालकों को परीक्षा तिथियों के दौरान प्रमुख परीक्षा केंद्रों, बस स्टैंड एवं रेलवे स्टेशन के आसपास विशेष सतर्कता बरतने, यातायात सुचारु बनाए रखने तथा परीक्षार्थियों को समय से उनके गंतव्य तक पहुँचाने में सहयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।

उल्लेखनीय है कि जनपद में परीक्षा 25, 26 एवं 27 अप्रैल को दो पालियों में आयोजित होगी, जिसमें प्रत्येक पाली में लगभग सात हजार परीक्षार्थियों के सम्मिलित होने की संभावना है।------------

हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar