home page

औरैया : हाईवे पर खड़ी स्लीपर बस में टैंकर ने मारी टक्कर, दो यात्री घायल

 | 
औरैया : हाईवे पर खड़ी स्लीपर बस में टैंकर ने मारी टक्कर, दो यात्री घायल


औरैया : हाईवे पर खड़ी स्लीपर बस में टैंकर ने मारी टक्कर, दो यात्री घायल


-पाम ऑयल से भरा टैंकर पलटा, बस का पिछला हिस्सा क्षतिग्रस्त, स्कूटी भी नीचे दबी

औरैया, 16 नवम्बर (हि. स)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में इटावा-कानपुर हाईवे पर सोमवार सुबह बाबरपुर के भट्टा रोड के सामने भीषण सड़क हादसा हो गया। सड़क किनारे खड़ी स्लीपर बस में पीछे से तेज रफ्तार पाम ऑयल से भरे टैंकर ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि टैंकर अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया, जबकि बस का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में दो यात्री घायल हो गए। बस से उतारी जा रही एक स्कूटी भी टैंकर के नीचे दब गई।

अहमदाबाद से यात्रियों को लेकर कानपुर जा रही स्लीपर बस बाबरपुर के भट्टा रोड के सामने सड़क किनारे खड़ी थी। इसी दौरान बस में रखी स्कूटी उतारी जा रही थी। तभी पीछे से तेज रफ्तार में आए पाम ऑयल से भरे टैंकर ने बस में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही टैंकर सड़क पर पलट गया और स्कूटी उसके नीचे दब गई।

हादसे में घायल प्रियांशु (24) और रंजीत (24) पुत्र छोटेलाल निवासी कौशांबी को पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया। सूचना पर सीओ अजीतमल शैलेंद्र सिंह और कोतवाली प्रभारी विजय बहादुर वर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। अस्पताल में दोनों घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया। बस चालक सत्यम ने बताया कि वह अहमदाबाद से यात्रियों को लेकर कानपुर जा रहा था। बाबरपुर के पास बस में रखी स्कूटी उतारी जा रही थी, तभी पीछे से आए टैंकर ने टक्कर मार दी।

उधर, टैंकर पलटने से उसमें भरा पाम ऑयल सड़क पर फैल गया, जिससे हाईवे पर फिसलन के साथ जाम की स्थिति बन गई। पुलिस और हाईवे पेट्रोलिंग टीम ने जेसीबी व क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त बस और टैंकर को सड़क से हटवाकर यातायात सामान्य कराया। कोतवाली प्रभारी विजय बहादुर वर्मा ने बताया कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है। दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार