मीरजापुरः मेडिकल कॉलेज अस्पताल में हाईटेक फायर सेफ्टी सिस्टम, 3.73 करोड़ का बजट मंजूर
मीरजापुर, 01 मई (हि.स.)। मां विंध्यवासिनी स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय से संबद्ध मंडलीय चिकित्सालय में आग से सुरक्षा के लिए अब हाईटेक अग्निशमन सिस्टम लगाया जाएगा। इसके लिए शासन ने 3 करोड़ 73 लाख रुपये का बजट मंजूर कर दिया है और जल्द ही काम शुरू होने की तैयारी है।
अस्पताल में रोजाना दो से तीन हजार मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं, जबकि करीब 300 मरीज भर्ती रहते हैं। ऐसे में किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए यह कदम बेहद अहम माना जा रहा है। फिलहाल अस्पताल में 256 फायर एक्सटिंग्विशर ही मौजूद हैं।
नई व्यवस्था के तहत अस्पताल परिसर में 10 हजार लीटर क्षमता का पानी का टैंक बनाया जाएगा। साथ ही पूरे परिसर में पाइपलाइन बिछाई जाएगी, जिससे आग लगने की स्थिति में तुरंत पानी और फायर लिक्विड उपलब्ध कराया जा सके।
मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. संजीव कुमार सिंह ने बताया कि बजट जारी हो चुका है और जल्द ही अग्निशमन प्रणाली स्थापित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। इससे अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत होगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

