दिवंगत सहायक अध्यापक के परिजन को शिक्षकों ने दी एक लाख 71 हजार पांच सौ रूपये की आर्थिक सहायता
वाराणसी, 23 अप्रैल(हि. स.)।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनुराग श्रीवास्तव ने सिंधोरा पिंडरा के उच्च प्राथमिक विद्यालय के दिवंगत सहायक अध्यापक स्वर्गीय रमेश चंद्र भारती के परिजन को एक लाख 71 हजार पांच सौ रूपये की आर्थिक सहायता दी। सहायक अध्यापक के दिवंगत हो जाने के पश्चात अध्यापक संघ और शिक्षकों द्वारा एकत्रित धनराशि को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सहयोग स्वरूप सौंपा।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनुराग श्रीवास्तव और खंड शिक्षा अधिकारी अखिलेश यादव की उपस्थिति में दिवंगत के परिजनों को आर्थिक सहायता मिलने के बाद शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष सुदर्शन राव और प्रदेश उपाध्यक्ष विनोद कुमार ने कहा कि सहायक अध्यापक के परिजन के लिए संगठन की ओर जो सहायता जुट सकी, उसे दिया गया है। इस सहयोग में संगठन के सभी शिक्षक सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आर्थिक सहयोग प्रदान करते समय ब्लॉक अध्यक्षों में नरेंद्र कुमार भारती, सीताराम चौधरी, आलोक कुमार, अजीत कुमार, वीरेंद्र कुमार, गोरखनाथ, काली प्रसाद, चेतनारायण, रामधारी, कमलेश कुमार, शशिकांत रुक्मणि देवी, विजय प्रताप आर्य सहित गणमान्य शिक्षक साथी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / शरद

