home page

उप्र के 32 जिलों में भीषण गर्मी, लू की चेतावनी जारी,25 अप्रैल तक राहत की उम्मीद नहीं

 | 
उप्र के 32 जिलों में भीषण गर्मी, लू की चेतावनी जारी,25 अप्रैल तक राहत की उम्मीद नहीं


लखनऊ, 22 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में लगातार गर्मी प्रचंड होती जा रही है। लगातार बढ़ती गर्मी के चलते मौसम विभाग ने हीट वेव (लू) का प्रदेश के 32 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, बुंदेलखंड और पूर्वांचल सहित कई जिलों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस पार पहुंच गया है। मौसम विभाग ने अगले 24 से 48 घंटे तक भीषण गर्मी की चेतावनी दी है। प्रदेश में सूरज की तपिश तीव्र होती जा रही है और गर्म हवाएं मौसम को और भी झुलसाने वाली बना रही हैं। लोगों को गर्मी से बचाव के उपाय करने की सलाह दी गई है।

लखनऊ मौसम विभाग के मौसम वैज्ञानिक डॉ अतुल कुमार सिंह ने बुधवार को बताया कि यह गर्मी दो बड़े भौगोलिक कारणों से बढ़ी है, जिनमें सूखी पछुआ हवाएं और महाराष्ट्र के ऊपर चक्रवात शामिल हैं। अगले पांच दिनों तक भीषण गर्मी का ये दौर जारी रहेगा। इसके बाद ही कुछ निजात मिल सकती है। 27 अप्रैल को पश्चिमी उत्तर प्रदेश संभाग में कहीं-कहीं बारिश, गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।

इन जिलों में लू का अलर्ट

मौसम विभाग की ओर से जारी पूर्वानुमान के मुताबिक, बुधवार को प्रयागराज, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मीरजापुर, चंदौली, वाराणसी, भदोही,जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, गोंडा, बलरामपुर,श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बाराबंकी, अमेठी, सुल्तानपुर, पीलीभीत और शाहजहांपुर में भी भीषण गर्मी रहेगी। इस दौरान उक्त जिलों में लू का अलर्ट जारी किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा