home page

अपहरण के आरोपित युवक ने पुलिस हिरासत में फांसी लगाकर दी जान, थाना प्रभारी व ड्यूटी आरक्षी निलंबित

 | 
अपहरण के आरोपित युवक ने पुलिस हिरासत में फांसी लगाकर दी जान, थाना प्रभारी व ड्यूटी आरक्षी निलंबित


हाथरस की कोतवाली चंदपा का मामला, प्रभारी निरीक्षक सहित आरक्षी पर कार्रवाई

किशोरी को बहला फुसलाकर ले जाने के आरोप में पुलिस ने गाजियाबाद से पकड़ा था

हाथरस, 24 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद हाथरस की कोतवाली चंदपा में बंदी ने गुरुवार देर रात थाने के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना से पूरे महकमे में हड़कंप मच गया। युवक को एक दिन पहले ही किशोरी को प्रेम जाल में फंसाकर घर से बहला-फुसलाकर भगा ले जाने के आरोप में पकड़ा गया था।

युवक को थाने की हवालात में रखा गया था। रात में उसने शौचालय जाने की बात कही। थाने में तैनात पुलिस कर्मी उसे शौचालय तक ले गए। 15 मिनट तक जब युवक बाहर नहीं आया तो पुलिस कर्मियों को शक हुआ। अंदर जाकर देखा तो युवक रोशनदान से अंगोछे के फंदे के सहारे लटका मिला। पुलिसकर्मी उसे जिला अस्पताल ले गए, जहां कुछ ही देर में युवक की मौत हो गई। इस मामले में एसपी ने थाना प्रभारी और ड्यूटी पर तैनात सिपाही को संस्पेंड कर मामले की जांच के आदेश दिए हैं।

एसपी चिरंजीव नाथ सिन्हा ने बताया गुरुवार को गाजियाबाद के लोनी कस्बे से चंद्रपाल को गिरफ्तार किया गया था। उसके साथ किशोरी को भी बरामद कर लिया गया था। दोनों को हाथरस लाया गया और किशोरी को वन स्टॉप सेंटर के सुपुर्द कर दिया गया। चंद्रपाल को थाने की हवालात में रखा गया था। रात करीब 9:50 बजे उसने शौच जाने की बात कही। ड्यूटी पर तैनात सिपाही उसे शौचालय ले गया। 15 मिनट तक जब चंद्रपाल बाहर नहीं आया तो सिपाही को शक हुआ। उसने अंदर जाकर देखा तो चंद्रपाल अपने ही गमछे के फंदे के सहारे शौचालय के रोशनदान से लटक रहा था। तत्काल फंदे से उतारकर जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां 10 मिनट के इलाज के बाद ही चंद्रपाल की मौत हो गई। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। एसपी ने बताया कि इस मामले में चंदपा कोतवाली प्रभारी श्याम सिंह और ड्यूटी आरक्षी लखन सिरोही को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है। दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच एएसपी रामानंद कुशवाहा को सौंपी गई है। थाने के सीसीटीवी फुटेज बरामद कर लिए गए हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। एसपी ने बताया- मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। परिजनों के आने के बाद उनके आरोपों के आधार पर तहरीर ली जाएगी। आरोपों की जांच की जाएगी। आज किशोरी का मेडिकल कराया जाएगा, इसके बाद परिजनों को सौंप दिया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना