home page

हाथरस में मारपीट कर विवाहिता की जान लेने की कोशिश, पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर शुरू की जांच

 | 
हाथरस में मारपीट कर विवाहिता की जान लेने की कोशिश, पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर शुरू की जांच


-नगला कला नौगांव की महिला ने पति सहित अन्य के खिलाफ दर्ज कराई रिपोर्ट

हाथरस, 03 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद हाथरस के सादाबाद में विवाहिता ने पति समेत तीन अन्य ससुरालीजनों पर अतिरिक्त दहेज मांगने, मारपीट करने और हत्या के प्रयास का आरोप लगाया है। पुलिस ने इस मामले में पति व अन्य ससुरालीजनाें के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सादाबाद के नगला कला भाग नौगांव निवासी पूजा पत्नी गौरीशंकर ने शुक्रवार काे कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनकी शादी आगरा जनपद के थाना कागारोल क्षेत्र के गांव नगला दयाराम निवासी गौरीशंकर पुत्र सूरजभान सिंह के साथ हुई थी। शादी के समय उनके पिता ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार दान-दहेज दिया था, लेकिन ससुराल पक्ष इससे संतुष्ट नहीं था और अतिरिक्त दहेज में पांच लाख रुपये की मांग करने लगा। पूजा का आरोप है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर उनके साथ लगातार मारपीट की जाती रही और मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया। इस दौरान उन्होंने दो बच्चों, पुत्री मुस्कान और पुत्र प्रतीक को जन्म दिया।

पीड़िता ने यह भी बताया कि कुछ समय पहले मारपीट कर उनका हाथ तोड़ दिया गया था, जिसका इलाज मायके पक्ष के लोगों ने कराया था। पीड़िता के अनुसार, 18 जून की रात करीब 11 बजे पति गौरीशंकर, अनिल, विश्वेंद्र उर्फ सागर और प्रहलाद ने उनके साथ बेरहमी से मारपीट की। आरोप है कि उनका सिर फोड़ दिया गया, गला दबाकर और मुंह पर तकिया रखकर हत्या का प्रयास किया गया। साथ ही मायके से मिले जेवर भी छीन लिए गए। इसके बाद रात करीब तीन बजे आरोपित उन्हें मरणासन्न हालत में गांव के पास बंबे के किनारे फेंककर फरार हो गए। होश आने पर पूजा किसी तरह अपने मायके पहुंची और परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद वह अपनी मां और भाई के साथ कोतवाली पहुंची और आरोपितों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई।

चौकी इंचार्ज अमित कुमार ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। आरोपिताें के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना