आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का संकल्प है पौधरोपण - विधायक
हाथरस, 01 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद हाथरस के सादाबाद विधायक गुड्डू चौधरी ने बुधवार काे वन महोत्सव सप्ताह के अंतर्गत मथुरा रोड पर वन विभाग के अधिकारियाें के साथ छायादार पौधों का रोपण किया और पर्यावरण संरक्षण का महत्वपूर्ण संदेश दिया। कार्यक्रम में वन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ-साथ सामाजिक कार्यकर्ता और क्षेत्र के नागरिक भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने पौधारोपण में सक्रिय रूप से भाग लिया और हरित वातावरण बनाने का संकल्प लिया। इस दौरान लगाए गए पौधों की सुरक्षा और नियमित देखभाल सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
विधायक गुड्डू चौधरी ने बताया कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए वृक्षारोपण अत्यंत आवश्यक है। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करे, तो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा योगदान दिया जा सकता है। लोगों से वर्षा ऋतु का लाभ उठाकर अधिकाधिक पौधे लगाने की अपील की गई। विधायक गुड्डू चौधरी ने कहा कि वन महोत्सव केवल पौधे लगाने का अभियान नहीं है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का संकल्प है। उन्होंने कहा हमारा प्रयास है कि क्षेत्र में हरियाली बढ़े और पर्यावरण संतुलित रहे। मैं सभी नागरिकों से आग्रह करता हूं कि वे कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएं और उसे पेड़ बनने तक उसकी देखभाल करें। जनभागीदारी से ही हम अपने क्षेत्र को स्वच्छ, हरित और प्रदूषण मुक्त बना सकते हैं। इस कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रीय वनाधिकारी पारूल गर्ग, बीट कांस्टेबल पप्पू, कर्मवीर छोटे, गंभीर सिंह और रामसहाय सिंह सहित कई अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना

