home page

हाथरस में मूसलाधार बारिश से गलियों में भरा घुटनों तक भरा गंदा पानी

 | 
हाथरस में मूसलाधार बारिश से गलियों में भरा घुटनों तक भरा गंदा पानी


हाथरस, 02 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद हाथरस के सादाबाद कस्बे में मंगलवार तड़के तेज आंधी के साथ मूसलाधार बारिश हुई। लगभग तीन घंटे तक हुई बारिश के कारण नगर की अधिकांश गलियां और सड़कें जलमग्न हो गईं। इससे जगह - जगह गंदगी और जलभराव की समस्या खड़ी हो गई।

मंगलवार की सुबह बारिश का सबसे अधिक असर उन लोगों पर पड़ा जो सुबह दूध लेने, टहलने या दैनिक कार्यों के लिए घरों से निकले थे। गलियों में घुटनों तक पानी भर जाने से लोगों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कई मोहल्लों में जल निकासी की व्यवस्था ठप होने से पानी लंबे समय तक जमा रहा, जिससे नागरिकों में नाराजगी देखने को मिली।

आगरा चुंगी क्षेत्र में लकड़ी की दुकानों के सामने और नीचे पानी भर जाने से दुकानदारों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। कई दुकानदार समय पर अपनी दुकानें नहीं खोल सके। उन्हें बारिश का पानी और गंदगी हटाने के बाद ही अपना कारोबार शुरू करना पड़ा। बारिश के बाद नालियों और नालों से निकली गंदगी सड़कों पर फैल गई। इससे न केवल दुर्गंध की समस्या उत्पन्न हुई। स्थानीय लोगों का आरोप है कि नियमित सफाई और नालों की समय पर सफाई नहीं होने के कारण हर बारिश में ऐसी स्थिति बन जाती है। हालांकि, लगातार हो रही भीषण गर्मी के बीच यह बारिश लोगों के लिए राहत लेकर भी आई। तीन घंटे की बरसात से तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों ने गर्मी से राहत महसूस की।

अधिशासी अधिकारी विकास कुमार ने बताया कि सफाई कर्मचारियों को चेतावनी देकर ठीक प्रकार से सफाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना