जनता को परेशान करना बंद करे बिजली विभाग - विधायक
हाथरस, 05 फ़रवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद हाथरस में स्मार्ट मीटर को प्री-पेड में बदलने के बाद विद्युत उपभोक्ताओं की समस्याएँ बढ़ गई हैं। सैकड़ों उपभोक्ताओं के बिजली बिल अचानक माइनस में चले गए हैं, जिससे लोगों में आक्रोश है। उपभोक्ताओं का कहना है कि नियमित भुगतान के बावजूद उनके खातों में माइनस राशि दिखाई जा रही है।
पीड़ित उपभोक्ता विधायक गुड्डू चौधरी के पास पहुँचे। उन्होंने स्पष्ट कहा कि तकनीकी खामियों की सज़ा आम जनता को नहीं दी जा सकती। विधायक ने निर्देश दिए कि माइनस बिल की समस्या का तत्काल समाधान किया जाए और जब तक स्थिति पूरी तरह स्पष्ट न हो जाए, तब तक किसी भी उपभोक्ता का बिजली कनेक्शन न काटा जाए। विधायक ने यह भी कहा कि स्मार्ट मीटर से प्री-पेड में परिवर्तन के नाम पर जनता को परेशान करना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि विभाग की गलती से बिल माइनस आ रहे हैं तो इसकी ज़िम्मेदारी विभाग की होगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना

