सेवा संकल्प अभियान में सीएचसी में मरीजों और तीमारदारों को फल वितरित
हाथरस, 17 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद हाथरस में सादाबाद के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) गुरुवार को सेवा संकल्प अभियान के तहत नवजात शिशुओं के सम्मान एवं जनसेवा से जुड़े कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नवजात शिशुओं के प्रमाण पत्र वितरित किए गए। साथ ही मरीजों और तीमारदारों को फल भी वितरित किए गए।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सादाबाद विधायक प्रदीप कुमार उर्फ गुड्डू चौधरी मौजूद रहे। इसके अलावा प्रशासनिक अधिकारी, एसीएमओ हाथरस तथा सीएचसी प्रभारी दानवीर मास्टर सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि एवं अधिकारियों ने नवजात शिशुओं के परिजनों को प्रमाण पत्र प्रदान किए और अस्पताल में भर्ती मरीजों का हालचाल जाना। फल वितरण के दौरान मरीजों और तीमारदारों ने आयोजन की सराहना की। रक्त वितरण के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने का संदेश भी दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने तथा मरीजों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया। अधिकारियों ने अस्पताल स्टाफ को मरीजों के साथ बेहतर व्यवहार और सुविधाओं का लाभ समय से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना

