home page

हाथरस में संघ के शताब्दी वर्ष पर बाल कुंभ का आयोजन, बच्चों ने सीखी राष्ट्र सेवा

 | 
हाथरस में संघ के शताब्दी वर्ष पर बाल कुंभ का आयोजन, बच्चों ने सीखी राष्ट्र सेवा


श्री वासुदेव विद्या मंदिर में कार्यक्रम आयाेजित

हाथरस, 26 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद हाथरस में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में रविवार सुबह कस्बे में बाल कुंभ का आयोजन किया गया। सुभाष गली स्थित श्री वासुदेव विद्या मंदिर में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आयोजन में बच्चों को शारीरिक एवं बौद्धिक गतिविधियों के माध्यम से प्रेरित किया गया।

नगर संघ चालक सोम प्रकाश वार्ष्णेय के निर्देशन में बच्चों को खेल, योग और अनुशासन से जुड़ी विभिन्न शारीरिक क्रियाएं कराई गईं। बौद्धिक सत्र में बच्चों को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के इतिहास, उद्देश्य और कार्यप्रणाली की जानकारी दी गई। उन्हें राष्ट्र सेवा, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया। बाल कुंभ का मुख्य उद्देश्य बच्चों में संस्कार, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति की भावना विकसित करना था। आयोजकों ने बताया कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों के सर्वांगीण विकास में सहायक होते हैं और उनमें सकारात्मक सोच को बढ़ावा देते हैं। इस अवसर पर शहर संघ चालक राजकुमार शर्मा, शैलेंद्र नगाइच, किशन गोयल, हरी बाबू, राकेश गर्ग, गिरीश कुमार, तरुण कुमार सहित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कई पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए इसे समाज में जागरूकता फैलाने और नई पीढ़ी को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण बताया। कार्यक्रम के अंत में सभी बच्चों को प्रोत्साहित किया गया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। आयोजकों ने सफल आयोजन के लिए सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना