हाथरस में अज्ञात वाहन की टक्कर से ऑटो सवार दो महिलाओं की मौत, छह घायल
हाथरस, 22 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले के सिकंदराराऊ क्षेत्र में रविवार दोपहर एटा-अलीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर अज्ञात वाहन की टक्कर से सवारियों से भरा टेंपो (ऑटो) अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हो गए। घायलों में तीन नाबालिग बच्चियां भी शामिल हैं। दुर्घटना ग्राम बिलार कट के पास हुई। पुलिस ने मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं और अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।
क्षेत्राधिकारी सिकंदराराऊ अमित पाठक ने बताया कि रविवार दोपहर करीब एक बजे टेंपो संख्या यूपी 81 जीटी 8073 सिकंदराराऊ से अलीगढ़ की ओर जा रहा था। इसी दौरान ग्राम बिलार कट के सामने एटा-अलीगढ़ हाईवे पर किसी अज्ञात वाहन ने टेंपो में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि टेंपो में सवार यात्रियों को गंभीर चोटें आईं। हादसे में अलीगढ़ जिले के बरला थाना क्षेत्र के नगला कसाव निवासी छोटी (40) पत्नी मुस्तकीम और मोती (35) पत्नी रहीश की मौके पर ही मौत हो गई।
दुर्घटना में कमर जहां (19), सानिया (14), जूबी (08), फहाद और शबीना समेत छह लोग घायल हो गए। घायलों में कमर जहां, सानिया और जूबी को अकराबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जबकि फहाद और शबीना का एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस के अनुसार, सभी घायल और मृतक अलीगढ़ जिले के नगला कसाव गांव के निवासी हैं। हालांकि, उपलब्ध पुलिस विवरण में छह घायलों के नामों में से पांच का ही उल्लेख है।
सीओ ने बताया कि हादसे की सूचना दोपहर करीब 1:30 बजे पुलिस को मिली। इसके बाद थाना प्रभारी प्रेमपाल सिंह पुलिस टीम के साथ वह (सीओ) घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए हाथरस के बागला जिला अस्पताल की मोर्चरी भेज दिए। मामले में पंचायतनामा और अन्य विधिक कार्रवाई की जा रही है।
उधर, जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल और पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने बागला संयुक्त जिला चिकित्सालय पहुंचकर मृतकों के परिजनों से मुलाकात की और उन्हें सांत्वना दी। अधिकारियों ने घायलों के परिजनों से भी बातचीत कर उपचार की जानकारी ली। जिलाधिकारी ने चिकित्सकों को घायलों का बेहतर उपचार सुनिश्चित करने तथा इलाज में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को पीड़ित परिवारों को आवश्यक प्रशासनिक सहायता उपलब्ध कराने को भी कहा। घटना में अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना

