हाथरस जिले में अलग—अलग दो सड़क हादसों में सात लोग घायल
हाथरस, 29 मार्च (हि.स.)। हाथरस जिले में रविवार दोपहर दो अलग-अलग सड़क हादसों में कुल सात युवक घायल हो गए। पहला हादसा आगरा-अलीगढ़ राजमार्ग पर कुरसंडा मोड़ पर हुआ, जहां दो बाइकों की टक्कर में चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दूसरा हादसा मथुरा रोड पर हुआ, जिसमें एक अज्ञात बोलेरो की टक्कर से तीन युवक घायल हो गए।
आगरा-अलीगढ़ राजमार्ग पर कुरसंडा मोड़ पर दो तेज रफ्तार बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों बाइक तीव्र गति से आ रही थीं और मोड़ पर अचानक टकरा गईं। बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से चोटिल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को एंबुलेंस द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सादाबाद पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने बताया कि सभी घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज जारी है। हादसे में घायल हुए युवकों की पहचान आगरा के कमाल खां निवासी आलोक पुत्र मुरारीलाल और राहुल राजपूत पुत्र जितेंद्र सिंह तथा गांव मई निवासी प्रेम पुत्र मोहनलाल और मोहनलाल पुत्र मिहीलाल के रूप में हुई है।
इसी प्रकार दूसरी दुर्घटना मथुरा रोड पर हुई, जहां एक अज्ञात बोलेरो ने बाइक सवार तीन युवकों को टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गई। यह हादसा तब हुआ जब दीपक पुत्र योगेंद्र सिंह, अभिषेक पुत्र बहादुर सिंह और सचिन पुत्र राजवीर सिंह निवासी सहपऊ अपनी बाइक से जा रहे थे। बोलेरो की टक्कर से तीनों युवक सड़क पर गिरकर घायल हो गए। पुलिस ने दोनों दुर्घटनाओं में क्षतिग्रस्त बाइक को कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
---------
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना

