home page

हाथरस : ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से बोलेरो पलटी, पहिए की चपेट में आने से चालक की मौत

 | 
हाथरस : ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से बोलेरो पलटी, पहिए की चपेट में आने से चालक की मौत


हाथरस, 05 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद हाथरस में सासनी कोतवाली क्षेत्र में सासनी-इगलास रोड पर रविवार रात दर्दनाक सड़क हादसे में बोलेरो चालक की मौत हो गई। गोबर की खाद से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बोलेरो में टक्कर मार दी, जिससे बोलेरो अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे के बाद बोलेरो चालक ने ट्रैक्टर चालक को रोकने का प्रयास किया और उसके पीछे दौड़ा। आरोप है कि इसी दौरान ट्रैक्टर चालक ने वाहन उसकी ओर मोड़ दिया, जिससे बोलेरो चालक ट्रैक्टर के पहिए की चपेट में आ गया।

गंभीर रूप से घायल युवक को आसपास मौजूद लोगों और उसके साथी कर्मचारियों ने तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान अमित के रूप में हुई है। बताया गया कि अमित अविवाहित था। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल पर छोड़े गए ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस आरोपित ट्रैक्टर चालक की पहचान और तलाश में जुटी है। सासनी कोतवाली के इंस्पेक्टर विपिन चौधरी ने घटनास्थल पर मौजूद लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों से हादसे के संबंध में जानकारी ली। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। उपलब्ध तथ्यों और तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना