home page

आईजीआरएस शिकायतों के निस्तारण में हाथरस पुलिस प्रदेश में प्रथम , सभी थानों का भी उत्कृष्ट प्रदर्शन

 | 
आईजीआरएस शिकायतों के निस्तारण में हाथरस पुलिस प्रदेश में प्रथम , सभी थानों का भी उत्कृष्ट प्रदर्शन


हाथरस, 02 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद हाथरस में आमजन की शिकायतों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के मामले में हाथरस पुलिस ने सितंबर 2026 में प्रदेश स्तर पर प्रथम स्थान हासिल किया है। शासन द्वारा संचालित आईजीआरएस (इंटीग्रेटेड ग्रीवांस रिड्रेसल सिस्टम) जनसुनवाई समाधान पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के समयबद्ध एवं प्रभावी निस्तारण के आधार पर जनपद को यह उपलब्धि मिली।

पुलिस अधीक्षक हाथरस चिरंजीव नाथ सिन्हा के अनुसार आईजीआरएस पोर्टल के माध्यम से आमजन विभिन्न समस्याओं और शिकायतों को ऑनलाइन दर्ज कराते हैं। शासन स्तर पर इन शिकायतों की नियमित समीक्षा की जाती है और निर्धारित मानकों के आधार पर जिलों की मासिक रैंकिंग जारी की जाती है। सितंबर माह में हाथरस पुलिस ने पीजी संदर्भ, मुख्यमंत्री संदर्भ, ऑनलाइन शिकायतों और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन सहित विभिन्न शिकायतों का निर्धारित समय में निस्तारण कर रिपोर्ट पोर्टल पर अपलोड की।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार शिकायतों के निस्तारण को केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित नहीं रखा गया। क्षेत्राधिकारियों और थाना प्रभारियों को आवश्यकतानुसार मौके पर पहुंचकर जांच करने तथा कार्रवाई की फोटो लोकेशन सहित उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। इससे शिकायतों के निस्तारण की गुणवत्ता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने का प्रयास किया गया।

पुलिस अधीक्षक हाथरस चिरंजीव नाथ सिन्हा और आईजीआरएस के नोडल अधिकारी अपर पुलिस अधीक्षक रामानंद कुशवाहा ने अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए थे। वहीं, आईजीआरएस फीडबैक सेल द्वारा शिकायतकर्ताओं से फोन एवं ऑनलाइन माध्यम से संपर्क कर निस्तारण की संतुष्टि का फीडबैक लिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना