जहर खाने से प्रेमी की मौत, प्रेमिका की हालत गंभीर
हाथरस, 23 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले के सादाबाद क्षेत्र के गांव रूदायल में तीन दिन पहले प्रेमी प्रेमिका ने जहर का सेवन कर लिया था। इसमें गुरुवार काे प्रेमी की माैत हाे गयी जबकि प्रेमिका की हालत गंभीर हैं और आगरा में उपचार चल रहा है।
सहपऊ क्षेत्र के रुदायल गांव निवासी 23 वर्षीय रतन पुत्र पप्पू अविवाहित था और मजदूरी करता था। उसके गांव की ही एक विवाहित महिला से प्रेम संबंध थे, जिसके दो बच्चे भी हैं। इस महिला की उम्र 25 वर्ष है। महिला के पति और अन्य परिजनों को जब इस रिश्ते का पता चला, तो उन्होंने दोनों पर मिलने-जुलने और बात करने पर पाबंदियां लगानी शुरू कर दीं। महिला का पति भी मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता है। परिजनों की लगातार रोक-टोक से परेशान होकर प्रेमी युगल ने 20 जुलाई को फोन पर बात करने के बाद जहर खा लिया। तबीयत बिगड़ने पर युवक रतन को परिजन एक निजी अस्पताल ले गए।
इलाज के दौरान करीब तीन दिन बाद बृहस्पतिवार सुबह लगभग 9 बजे रतन की मौत हो गई। वहीं, महिला के परिजनों ने उसे आगरा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच कर रही है। इस संबंध में अभी तक पुलिस को कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है।-------
हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना

