हाथरस के जिलाधिकारी ने किया स्थलीय निरीक्षण, अधिकारियों को कावंड़ियों की सुरक्षा व व्यवस्था के दिए निर्देश
हाथरस, 24 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद हाथरस के जिलाधिकारी अतुल वत्स ने शुक्रवार काे कांवड़ियों के आवागमन वाले स्थानों आगरा-अलीगढ़ राजमार्ग का निरीक्षण किया। उन्होंने कांवड़ यात्रा की तैयारियों का जायजा लेते हुए अधिकारियों को कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के विशेष निर्देश दिए।
जिलाधिकारी अतुल वत्स ने कहा कि सावन महीने में गंगाजल लेकर आने वाले कांवड़ियों को रास्ते में कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने दुर्घटनाओं को रोकने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम समय पर पूरे करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने ग्राम बढार से कुरसंडा मोड़ तक सड़क मार्ग का निरीक्षण किया और स्थानीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कांवड़ मार्ग पर दुर्घटना की आशंका वाले स्थानों को चिह्नित कर तत्काल व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा। सड़क किनारे झूल रही पेड़ों की डालियों और नीचे तक फैली झाड़ियों को तुरंत हटाने के निर्देश दिए गए। बिजली, वन और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को पेड़ों के बीच से गुजर रही बिजली की लाइनों को सुरक्षित तरीके से अलग कराने का निर्देश दिया गया, ताकि कांवड़ यात्रा के दौरान कोई दुर्घटना न हो।
उन्होंने कांवड़ियों के संभावित आवागमन वाले स्थानों पर संकेतक और चेतावनी चिह्न लगाने के निर्देश दिए। कांवड़ियों के लिए सड़क के एक ओर सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने और पूरे मार्ग पर यातायात सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने को कहा। रात के समय कांवड़ियों की सुरक्षा को देखते हुए पूरे मार्ग पर प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने श्रावण मास के दौरान सरकारी और गैर-सरकारी सेवा समितियों की ओर से जाने वाली व्यवस्थाओं की जानकारी ली और उनके बीच आवश्यक समन्वय स्थापित करने को कहा। इस निरीक्षण के दौरान एसडीएम रितु सिरोही, तहसीलदार सोनू बघेल, खंड विकास अधिकारी सुरेश कुमार सहित बिजली, पीडब्ल्यूडी, वन विभाग और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना

