home page

हाथरस : सादाबाद में रंजिशन फायरिंग में मामले में मुकदमा दर्ज, पांच नामजद

 | 
हाथरस : सादाबाद में रंजिशन फायरिंग में मामले में मुकदमा दर्ज, पांच नामजद


हाथरस, 17 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद हाथरस में सादाबाद क्षेत्र के गांव अरौठा में पुरानी रंजिश को लेकर तीन लोगों पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि पहले से घात लगाकर बैठे पांच लोगों ने लाइसेंसी हथियार और अवैध असलहों से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हमले में गोली लगने से तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोपिताें ने पथराव कर कार के शीशे भी तोड़ दिए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

गांव अरौठा निवासी संजय कुमार पुत्र प्रेम सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह भट्टों पर मिट्टी डालने का काम करता है। करीब दो माह पहले गांव के भूरी सिंह पुत्र राजवीर सिंह से सीमेंट के लट्ठे लगाने को लेकर कहासुनी हो गई थी। इसी बात को लेकर भूरी सिंह उससे रंजिश मानने लगा था। तहरीर के अनुसार 15 नवंबर की रात करीब आठ बजे संजय कुमार का पार्टनर योगवीर निवासी मंस्या, चालक दिग्विजय निवासी महोली रोड मथुरा और सहयोगी लवकेश निवासी लाजपत नगर, मथुरा ट्रैक्टर खड़ा करने के बाद खेत की ओर गायों को देखने जा रहे थे।

आरोप है कि रास्ते में पहले से घात लगाकर बैठे भूरी सिंह, उसके पुत्र अजय, संतोष उर्फ सचदेव, प्रमोद और कुलदीप ने एकराय होकर उन पर फायरिंग शुरू कर दी। आरोप है कि अजय ने अपने पिता के लाइसेंसी हथियार से तथा अन्य आरोपिताें ने अवैध असलहों से गोलियां चलाईं। इसके बाद पथराव भी किया। हमले में योगवीर, दिग्विजय और लवकेश को गोली लगने से गंभीर चोटें आईं। आरोपिताें ने कार पर पथराव कर उसके शीशे भी तोड़ दिए। तहरीर में मौके पर एक तमंचा छूटने की बात भी कही गई है, जिसे पुलिस ने कब्जे में लिया था। घायलों को सीएचसी सादाबाद लाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को गंभीर हालत में आगरा रेफर कर दिया गया।

संजय कुमार ने 16 नवंबर को कोतवाली पहुंचकर आरोपिताें के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर पांचों नामजद आरोपिताें के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना