home page

हाथरस में 25 दिन से धरने पर बैठे किसानों के बीच पहुंचे राकेश टिकैत, सरकार को घेरा

 | 
हाथरस में 25 दिन से धरने पर बैठे किसानों के बीच पहुंचे राकेश टिकैत, सरकार को घेरा


हाथरस, 03 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद हाथरस सादाबाद तहसील परिसर में आलू की उचित कीमत और किसानों की समस्याओं को लेकर पिछले 25 दिनों से धरने पर बैठे किसानों के बीच भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष राकेश टिकैत पहुंचे। टिकैत ने धरनास्थल पर पहुंचकर किसानों और कार्यकर्ताओं को संबोधित किया तथा उनकी समस्याओं को लेकर सरकार पर जमकर निशाना साधा।

किसान नेता राकेश टिकैत ने कहा कि किसान लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर तहसील परिसर में धरना दे रहे हैं, लेकिन शासन-प्रशासन की ओर से उनकी समस्याओं का अभी तक स्थायी समाधान नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि आलू किसानों को उनकी फसल का उचित मूल्य मिलना चाहिए, ताकि खेती में लगी लागत निकल सके और किसान आर्थिक संकट से बच सकें। उन्होंने किसानों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि उनकी मांगों को लेकर जल्द ही उच्च स्तर पर आवाज उठाई जाएगी। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं के संबंध में मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री को पत्र लिखा जाएगा। इसके साथ ही जिले के सांसदों और विधायकों को भी पत्र भेजकर किसानों की समस्याओं और उनकी मांगों से अवगत कराया जाएगा।

उन्हाेंने कहा कि किसानों की मांगों को लेकर आगामी तारीख निश्चित कर जिले में एक बड़ी किसान महापंचायत आयोजित की जाएगी। इस महापंचायत के माध्यम से किसानों की आवाज को मजबूती से उठाया जाएगा और सरकार से उनकी समस्याओं का समाधान कराने की मांग की जाएगी। राष्ट्रीय अध्यक्ष के धरनास्थल पर पहुंचने से किसानों और कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला। किसानों ने अपनी समस्याएं राकेश टिकैत के सामने रखीं। उन्होंने आंदोलन कर रहे किसानों से एकजुट रहने और शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगों को लेकर संघर्ष जारी रखने का आह्वान किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना