home page

हाथरस के जिलाधिकारी सीएचसी और नगर पंचायत का किया औचक निरीक्षण, अव्यवस्था देख जताई नाराजगी

 | 
हाथरस के जिलाधिकारी सीएचसी और नगर पंचायत का किया औचक निरीक्षण, अव्यवस्था देख जताई नाराजगी


हाथरस, 29 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद हाथरस के जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने मंगलवार सुबह लगभग आठ बजे सादाबाद की सीएससी का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल में साफ-सफाई, कर्मचारियों की उपस्थिति और स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कुछ खामियां मिलने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सफाई व्यवस्था ठीक नहीं हुई और कर्मचारी समय से ड्यूटी पर नहीं पहुंचे तो लापरवाही के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की ओर से अस्पतालों में साफ-सफाई और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने पर लगातार जोर दिया जा रहा है।

इसके बाद जिलाधिकारी नगर पंचायत पहुंचे। यहां गंदगी और जलभराव की स्थिति देखकर उन्होंने नाराजगी जताई। वार्ड नंबर एक के सभासद दिनेश वर्मा के नेतृत्व में लोगों ने जिलाधिकारी को मौके पर ही जलभराव और सफाई की समस्या से अवगत कराया। लोगों ने कहा कि शिकायतों के बावजूद उनकी समस्याओं का अपेक्षित समाधान नहीं हो पा रहा है। जिलाधिकारी ने शिकायतों को संज्ञान में लेते हुए संबंधित अधिकारियों को जलभराव और सफाई की समस्या का जल्द निस्तारण कराने के निर्देश दिए और लापरवाही मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी दी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना