बारिश से हाथरस के बिसावर क्षेत्र में जन जीवन प्रभावित, घरों में घुसा पोखर का पानी
हाथरस, 09 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद हाथरस के सादाबाद बारिश से जनजीवन प्रभावित हाे रहा है। क्षेत्र के बिसावर क्षेत्र के गांव पचावरी में 30 घंटे से अधिक समय से हो रही लगातार बारिश ने गंभीर जलभराव की स्थिति पैदा कर दी है। गांव के पहले से ओवरफ्लो पोखर का गंदा पानी अब कई घरों में घुस गया है। इससे हैंडपंप पानी में डूब गए हैं और ग्राम सचिवालय परिसर भी जलमग्न हो गया है।
बारिश के कारण गांव की गलियां तालाब में बदल गई हैं। कई घरों में पानी भरने से घरेलू सामान खराब हो रहा है। गंदे पानी के कारण संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि उन्होंने पहले भी पोखर से जल निकासी की मांग को लेकर प्रदर्शन किया था और स्थानीय प्रशासन व विकास विभाग को कई बार शिकायतें दी थीं। उस समय केवल एक दिन के लिए पंप और ट्रैक्टर लगाकर पानी निकालने का प्रयास किया गया, लेकिन स्थायी समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
राष्ट्रवादी पार्टी के मंडल प्रभारी सनी भारत ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने जल्द प्रभावी कदम नहीं उठाए तो पार्टी कार्यकर्ता ग्रामीणों के साथ आंदोलन करने को मजबूर होंगे। उन्होंने सवाल उठाया कि जब पूरा गांव जलभराव से परेशान है, तो संबंधित अधिकारियों को यह समस्या क्यों नहीं दिख रही। बीडीओ सुरेश कुमार ने बताया कि ग्राम पचावरी की समस्या उनके संज्ञान में आ चुकी है। उन्होंने आश्वासन दिया कि आज ही टीम भेजकर पंप के माध्यम से पानी निकलवाया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना

