हाथरस : महिला की सोने चेन लूट कर भागे बाइक सवार लुटेरे गिरे, एक दबोचा गया, दूसरा फरार
हाथरस, 12 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद हाथरस में मथुरा-बरेली राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार दोपहर करीब 2:30 बजे गांव टुकसान के पास बाइक सवार दो युवकों ने दिनदहाड़े झपटमारी की वारदात को अंजाम देकर सनसनी फैला दी। आरोपिताें ने बाइक से जा रही महिला के गले से सोने की चेन छीन ली। वारदात के दौरान हुई खींचतान में दोनों बाइकें आपस में टकरा गईं और उन पर सवार सभी लोग सड़क पर गिरकर घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने घेराबंदी कर एक आरोपित को पकड़ लिया, जबकि उसका दूसरा साथी बाइक छोड़कर फरार हो गया।
गांव नया बांस निवासी गोपाल पचौरी गुरुवार को अपनी पत्नी आरती के साथ बाजार गए थे। दोपहर करीब 1:30 बजे दोनों बाइक से वापस गांव लौट रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक मथुरा-बरेली राष्ट्रीय राजमार्ग पर गांव टुकसान के पास पहुंची, तभी पीछे से आए बाइक सवार दो युवकों ने आरती के गले पर झपट्टा मारकर सोने की चेन छीन ली। अचानक हुई इस वारदात के दौरान बाइक सवारों के बीच खींचतान शुरू हो गई। इसी बीच दोनों बाइकें आपस में टकरा गईं और उन पर सवार सभी लोग सड़क पर गिर पड़े। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए एक आरोपित को पकड़ लिया, जबकि दूसरा आरोपित अपनी बाइक मौके पर छोड़कर भाग निकला।
घटना में आरती घायल हो गईं, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वारदात की सूचना पुलिस को दे दी गई है। दिनदहाड़े राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुई चेन स्नेचिंग की इस घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से हाईवे पर गश्त बढ़ाने और फरार आरोपित को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना

