हाथरस : भोले बाबा के सत्संग में जुटे भक्त, लंबे समय बाद हुए आयोजन में सुने गए भजन
हाथरस, 19 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हाथरस जनपद के सादाबाद में लंबे अंतराल के बाद बुधवार को क्षेत्र में भोले बाबा का सत्संग प्रशासनिक अनुमति के बाद आयोजित किया गया। इस सत्संग में बड़ी संख्या में भक्त पहुंचे और शांतिपूर्ण माहौल में भोले बाबा के विचारों को सुना और बताया। आयोजनकर्ता पप्पू सिंह ने बताया कि सत्संग के लिए प्रशासन से अनुमति ली गई थी। उनके अनुसार करीब 800 लोगों की अनुमति प्राप्त हुई थी, जबकि सत्संग में लगभग 400 लोग ही पहुंचे थे। भक्तों की सुविधा और सुरक्षा को देखते हुए एंबुलेंस की व्यवस्था भी की गई थी। सत्संग स्थल पर शासन-प्रशासन की नजर रही और पुलिस बल भी तैनात किया गया। आयोजकों एवं प्रशासन की व्यवस्थाओं के बीच सत्संग सुबह करीब 11 बजे से शाम 4 बजे तक शांतिपूर्वक आयोजित हुआ। इस दौरान भक्तों ने भोले बाबा के विचारों को सुना और अपनी आस्था व्यक्त की।
गौरतलब है कि 2 जुलाई 2024 को उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले के सिकंदरा राव क्षेत्र स्थित फुलरई (मुगलगढ़ी) गांव में 'भोले बाबा' (सूरजपाल) के सत्संग के दौरान मची भगदड़ में 121 लोगों की मौत हो गई थी और 150 से अधिक लोग घायल हुए थे। यह दर्दनाक हादसा सत्संग समाप्ति के बाद बाबा के गुजरने पर उनके चरणों की धूल लेने की होड़ और अत्यधिक भीड़ के कारण हुआ था। इसके बाद भोले बाबा के सत्संगों को लेकर प्रशासनिक स्तर पर कड़ी सतर्कता बरती जा रही थी। लंबे समय बाद सादाबाद में अनुमति मिलने के बाद यह सत्संग आयोजित किया गया, जिसे लेकर प्रशासन ने सुरक्षा एवं व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना

