home page

1712 आंगनबाड़ी केंद्रों पर हुई रेसिपी प्रतियोगिता, पोषाहार के बेहतर उपयोग के लिए किया जागरूक

 | 
1712 आंगनबाड़ी केंद्रों पर हुई रेसिपी प्रतियोगिता, पोषाहार के बेहतर उपयोग के लिए किया जागरूक


हाथरस, 26 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद हाथरस में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत संचालित आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम के तहत शनिवार को जिले के सभी 1712 आंगनबाड़ी केंद्रों पर रेसिपी प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और शासन की ओर से उपलब्ध कराई जा रही पोषाहार सामग्री से विभिन्न प्रकार के पौष्टिक एवं स्वादिष्ट व्यंजन तैयार कर उनका प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पोषाहार सामग्री के बेहतर उपयोग के प्रति गर्भवती एवं धात्री महिलाओं और बच्चों के परिवारों को जागरूक करना रहा। विशेष रूप से कुपोषित बच्चों के परिवारों को संतुलित एवं पौष्टिक आहार के महत्व की जानकारी दी गई।

जिला कार्यक्रम अधिकारी धीरेन्द्र उपाध्याय ने बताया कि उपलब्ध पोषाहार सामग्री से अलग-अलग प्रकार के व्यंजन तैयार कर बच्चों के भोजन में विविधता लाई जा सकती है। इससे बच्चों को स्वाद के साथ आवश्यक पोषक तत्व भी मिलेंगे और वे एक ही प्रकार के भोजन से ऊबेंगे नहीं। कार्यक्रम के दौरान गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को खान-पान पर विशेष ध्यान देने तथा बच्चों के भोजन में आवश्यक पोषक तत्व शामिल करने के लिए जागरूक किया गया। विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों पर आयोजित कार्यक्रमों का बाल विकास परियोजना अधिकारियों, मुख्य विकास अधिकारी तथा क्षेत्र के सम्मानित नागरिकों ने अवलोकन किया। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने तैयार व्यंजनों की जानकारी देने के साथ पोषाहार सामग्री के बेहतर उपयोग के तरीके भी बताए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना