हरदोई में राशन दुकान की जांच करने गयी राजस्व टीम हमला, एसडीएम को चोटें आयीं
हरदोई, 08 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद हरदोई में शाहाबाद के उप जिलाधिकारी (एसडीएम) सुशील कुमार मिश्रा और उनकी राजस्व टीम पर राशन दुकान की जांच करने से नाराज कोटेदार के समर्थकों ने पथराव कर दिया। अचानक हुए इस हमले में एसडीएम सुशील कुमार मिश्रा को चोटें आई हैं। घटना की जानकारी मिलते ही माैके पर पुलिस व अन्य अधिकारियाें ने पहुंच कर स्थिति संभाली और जांच पड़ताल शुरु की।
यह घटना साेमवार शाम काे हरदोई जिले के शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र के परियल गांव में हुई है, जब एसडीएम सुशील मिश्रा अपनी टीम के साथ गर्रा नदी से संभावित बाढ़ राहत की तैयारियों का जायजा लेने गए थे। इस दौरान स्थानीय ग्रामीणों ने समय से राशन न मिलने की शिकायतें की। ग्रामीणों का कहना था कि राशन वितरण में कई प्रकार का भ्रष्टाचार किया जा रहा है। ग्रामीणों की शिकायतें सुनने के बाद एसडीएम अपनी टीम के साथ गांव की राशन दुकान पर पहुंचे और लोगों से जानकारी करने लगे। इसी बीच कोटेदार के समर्थकों ने उपद्रव करना शुरु कर दिया और जांच का विरोध करने लगे। मामला बिगड़ता देख टीम अपना बचाव कर पाती कि इसके पहले ही ईंट पत्थर चलने लगे। राजस्व टीम ने जैसे तैसे अपनी जान बचाई। इस घटना में एसडीएम के सिर में चोटें आयी हैं और उन्हें प्राथमिक उपचाार के लिए नजदीक के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शाहाबाद ले जाया गया।
एसडीएम और राजस्व टीम के साथ घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने मामले को संज्ञान में लिया है। पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और इस सरकारी कार्य में बाधा डालने व जानलेवा हमला करने वाले दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई में जुट गयी है। जिेलाधिकारी अनुनय झा के अनुसार उन्हें घटना की जानकारी मिली है और मौके पर एसडीएम न्यायिक प्रफुल्ल कुमार त्रिपाठी को मौके पर भेजा गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / शिव सिंह

