हरदोई के जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी निलंबित, बेसिक शिक्षा निदेशालय से किए गए संबंद्ध
लखनऊ, 02 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद हरदोई के जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) डॉ. अजीत सिंह को निलंबित कर दिया गया है। गुरुवार को शासन स्तर से हुई इस कार्यवाही के साथ ही बीएसए को निलंबन अवधि में शिक्षा निदेशक (बेसिक), लखनऊ कार्यालय से संबद्ध किया गया है।
हरदोई के जिलाधिकारी अनुनय झा को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ.अजीत सिंह के खिलाफ कुछ गंभीर शिकायतें मिली थीं। शिकायताें की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने पूरे मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय जांच समिति बनाई। जांच टीम ने तमाम अभ्यर्थियों की नियुक्ति पत्रावली गायब होने के अलावा ईसीसीई एजुकेटर भर्ती परीक्षा में शासन के निर्देशों के अनुरूप मानकों का पालन न करने सहित कई शिकायतें सही पायीं और अपनी रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौंपी थी। जिलाधिकारी ने इसी रिपोर्ट को शासन को अग्रेषित करते हुए बीएसए को निलंबित कर विभागीय जांच की संस्तुति की थी। इसी आधार पर गुरुवार को बीएसए डॉ. अजित सिंह को निलंबित किया गया है। निलंबन का आदेश बेसिक शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा की ओर से जारी किया गया है। पत्र के अनुसार निलंबन अवधि में बीएसए अजीत निदेशालय से संबद्ध रहेंगे और इस मामले की विस्तृत जांच संयुक्त शिक्षा निदेशक करेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / शिव सिंह

