home page

औरैया में गांव-गांव पहुंच रहा ‘हर घर जल’, 397 राजस्व गांवों में जल अर्पण पूरा

 | 

औरैया, 02 अक्टूबर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में भारत सरकार की महत्वाकांक्षी जल जीवन मिशन ‘हर घर जल’ योजना के तहत जिले में ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने का अभियान तेजी से आगे बढ़ रहा है। गांधी जयंती के अवसर पर शुक्रवार को विकासखंड औरैया की पेयजल योजनाओं बबाइन, रामपुर रामसहाय और अस्ता में जल अर्पण कार्यक्रम आयोजित किया गया। सदर विधायक गुड़िया कठेरिया की अध्यक्षता में हुए कार्यक्रम में ग्रामीणों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी, अधिशासी अभियंता उत्तर प्रदेश जल निगम (ग्रामीण), जिला पंचायत राज अधिकारी, खंड विकास अधिकारी, टीपीआई व डीपीएमयू की टीम के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

अधिकारियों के अनुसार दो अक्टूबर तक जिले के सात विकासखंडों की 255 ग्राम पंचायतों के 397 राजस्व गांवों में जल अर्पण कार्यक्रम संपन्न हो चुके हैं। अब शेष 371 राजस्व गांवों में भी जल अर्पण कार्यक्रम कराने की तैयारी है। इन सभी गांवों में मार्च 2027 तक कार्यक्रम पूरा कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

जल जीवन मिशन के तहत पेयजल योजनाओं से ग्रामीणों के घरों तक नियमित पानी की आपूर्ति की जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि योजना के तहत उपलब्ध कराया जा रहा पानी अन्य स्रोतों की तुलना में बेहतर है। औरैया जल निगम जेई रविकांत प्रजापति ने बताया कि प्रतिदिन सुबह सात से नौ बजे तथा शाम पांच से सात बजे तक नियमित पेयजल आपूर्ति की जा रही है।

कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों से पानी की एक-एक बूंद बचाने की अपील की गई। अधिकारियों ने कहा कि ग्रामीण नलों को अनावश्यक रूप से खुला न छोड़ें और पानी की बर्बादी रोकने में सहयोग करें। जल संरक्षण और पेयजल व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने में ग्रामीणों की जिम्मेदारी भी महत्वपूर्ण है।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार