home page

अखंड पाठ से शुरू हुआ गुरु तेग बहादुर का प्रकाशोत्सव

 | 
अखंड पाठ से शुरू हुआ गुरु तेग बहादुर का प्रकाशोत्सव


मीरजापुर, 05 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में मीरजापुर जिले के अहरौरा नगर पालिका क्षेत्र के पट्टी खुर्द स्थित गुरुद्वारा में रविवार को नौवें सिख गुरु गुरु तेग बहादुर का 78वां प्रकाशोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ प्रारंभ हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत प्रातःकाल अखंड पाठ साहिब के साथ की गई।

सुबह लगभग पांच बजे गुरुद्वारा से प्रभात फेरी निकालकर नगर कीर्तन किया गया। यह यात्रा चौक बाजार, गंज और खड़ंजा समेत विभिन्न मार्गों से होते हुए पुनः गुरुद्वारा पहुंची। नगर कीर्तन के दौरान श्रद्धालुओं ने गुरुवाणी का पाठ करते हुए पूरे क्षेत्र को भक्तिमय बना दिया।

इसके पश्चात गुरुद्वारा परिसर में जसवंत सिंह, अनमोल सिंह, तरन सिंह, जसवीर सिंह और महा सिंह द्वारा अखंड पाठ साहिब का शुभारंभ किया गया। श्रद्धालु पूरे श्रद्धा भाव से कार्यक्रम में शामिल होकर सेवा में जुटे रहे। शाम को रहिरास साहिब का पाठ, आरती एवं शब्द कीर्तन का आयोजन किया जाएगा। साथ ही बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे और अंत में प्रसाद वितरण किया जाएगा। पूरे आयोजन को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल बना हुआ है।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा