home page

फेरों से पहले दूल्हा बाइक लेकर हुआ फरार, बारात बनी बंधक

 | 
फेरों से पहले दूल्हा बाइक लेकर हुआ फरार, बारात बनी बंधक


मीरजापुर, 03 जून (हि.स.)। मड़िहान थाना क्षेत्र के एक गांव में बुधवार भोर एक शादी समारोह उस समय विवाद में बदल गया, जब जयमाल के बाद दूल्हा दहेज में मिली बाइक लेकर अपने दो साथियों के साथ फरार हो गया। घटना की जानकारी होते ही लड़की पक्ष में हड़कंप मच गया। आक्रोशित परिजनों ने दूल्हे के पिता समेत बारातियों और तीन वाहनों को गांव में ही रोक लिया।

प्रयागराज जनपद के हरगढ़ निवासी राजमणि के पुत्र अशोक की बारात मंगलवार रात पचोखरा खुर्द गांव आई थी। द्वारपूजा और जयमाल की रस्में देर रात शांतिपूर्वक संपन्न हो गईं। इसके बाद विवाह की तैयारियां चल रही थीं।

लड़की के दादा ने बताया कि उनकी 19 वर्षीय पोती का रिश्ता हरगढ़ निवासी युवक से तय हुआ था। आरोप है कि लड़के की मांग पर 20 मई को तिलक समारोह में कर्ज लेकर करीब डेढ़ लाख रुपये कीमत की पल्सर बाइक, छह हजार रुपये नकद तथा अन्य उपहार दिए गए थे।

परिजन के मुताबिक विवाह मंडप में वर-वधू के बैठने के दौरान घर की महिलाओं के बीच कपड़े और जेवर को लेकर चर्चा होने लगी। इसी बीच दूल्हा लघुशंका जाने की बात कहकर मंडप से निकला और अपने दो साथियों के साथ दहेज में मिली बाइक लेकर मौके से फरार हो गया।

दूल्हे के गायब होने की जानकारी मिलते ही शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते खुशियों का माहौल तनाव में बदल गया। नाराज लड़की पक्ष ने दूल्हे के पिता, बारातियों और तीन वाहनों को गांव में ही रोक लिया।

सूचना पर पीआरबी पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को थाने जाकर अपनी बात रखने की सलाह दी। इसके बाद पुलिस लौट गई।

थाना प्रभारी बालमुकुंद मिश्र ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है। अभी तक किसी पक्ष की ओर से लिखित तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा