home page

समाधान दिवस में अफसरों ने सुनीं फरियाद, शिकायत निस्तारण में लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी

 | 
समाधान दिवस में अफसरों ने सुनीं फरियाद, शिकायत निस्तारण में लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी


मीरजापुर, 05 सितंबर (हि.स.)। शासन की मंशा के अनुरूप शनिवार को जिले की सभी तहसीलों में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित हुआ। वरिष्ठ अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याएं सुनकर संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए।

तहसील चुनार में मंडलायुक्त राजेश प्रकाश और पुलिस उप महानिरीक्षक पूनम ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। यहां 107 प्रार्थना पत्र मिले, जिनमें पांच का मौके पर निस्तारण किया गया। मंडलायुक्त ने अधिकारियों को स्थलीय सत्यापन कर नियमानुसार शिकायतों का निस्तारण करने और फरियादियों को अनावश्यक कार्यालयों के चक्कर न लगाने देने का निर्देश दिया।

तहसील लालगंज में जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार, पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक और मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार ने समस्याएं सुनीं। यहां 68 प्रार्थना पत्र मिले, छह का मौके पर निस्तारण हुआ। जिलाधिकारी ने कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। अधिकारी मौके पर जाकर शिकायतकर्ता से मिलें और समस्या का समाधान कराएं। निस्तारण आख्या स्पष्ट और संतुष्टिपरक होनी चाहिए।

उन्होंने अधिकारियों को शिकायतों के निस्तारण के बाद स्वयं फोन कर शिकायतकर्ता से फीडबैक लेने का निर्देश दिया। फीडबैक में असंतुष्ट मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी दी। भूमि विवाद, राशन, पेंशन, चकबंदी और विद्युत संबंधी शिकायतों पर विशेष ध्यान देने को कहा। मड़िहान में 70 में पांच और सदर तहसील में 113 में सात प्रार्थना पत्रों का मौके पर निस्तारण किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा