देवरिया : मेडिकल कॉलेज में निकली भव्य तिरंगा रैली, गूंजे भारत माता की जय के नारे
देवरिया, 11 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद में महर्षि देवराहा बाबा स्वशासी राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय में मंगलवार को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत भव्य तिरंगा रैली निकाली गई। प्राचार्य डॉ. रजनी की अध्यक्षता में आयोजित रैली का शुभारंभ कॉलेज के प्रशासनिक भवन से हुआ। करीब दो किलोमीटर तक निकाली गई रैली में मेडिकल कॉलेज के छात्र-छात्राओं, फैकल्टी सदस्यों, सुरक्षा कर्मियों और अन्य कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
रैली के दौरान पूरा मेडिकल कॉलेज परिसर राष्ट्रभक्ति के रंग में नजर आया। हाथों में तिरंगा लेकर चल रहे प्रतिभागियों ने ‘वंदे मातरम्’ और ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाए। देशभक्ति के नारों से पूरा परिसर गूंज उठा। प्रतिभागियों ने राष्ट्रीय एकता, अखंडता, आपसी प्रेम और देश के प्रति सम्मान एवं कर्तव्यबोध का संदेश दिया।
इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. रजनी ने रैली में शामिल सभी प्रतिभागियों के उत्साह और अनुशासन की सराहना की। उन्होंने कहा कि तिरंगा देश की अस्मिता, गौरव और एकता का प्रतीक है। उन्होंने सभी से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जन-जन तक पहुंचाने तथा राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान को सदैव बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन युवा पीढ़ी में देशभक्ति की भावना को मजबूत करने के साथ ही राष्ट्रीय एकता का संदेश भी देते हैं।
रैली में डॉ. कविता बरनवाल, विभागाध्यक्ष सामुदायिक चिकित्सा, डॉ. जमाल हैदर, विभागाध्यक्ष फार्माकोलॉजी, डॉ. रामजनम, विभागाध्यक्ष माइक्रोबायोलॉजी, डॉ. अरुणेश कुमार, डॉ. शालिनी गुप्ता, डॉ. शुभम पांडे और डॉ. सुरुचि गुप्ता समेत मेडिकल कॉलेज के अनेक फैकल्टी सदस्य उपस्थित रहे। सुरक्षा कर्मियों और कर्मचारियों ने भी रैली में सक्रिय भागीदारी की।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

