home page

प्रदेश स्तरीय ’हर घर तिरंगा अभियान 2026’ का आयोजन प्रमुख स्थल पर जनभागीदारी के साथ कराएं : जयवीर सिंह

 | 
प्रदेश स्तरीय ’हर घर तिरंगा अभियान 2026’ का आयोजन प्रमुख स्थल पर जनभागीदारी के साथ कराएं : जयवीर सिंह


लखनऊ, 11 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में 09 से 17 अगस्त के बीच ’हर घर तिरंगा अभियान 2026’ के आयोजन के लिए जारी दिशा-निर्देशों के तहत दूसरे चरण के अंतर्गत 09 से 12 अगस्त तक हर जिले में स्कूल/कॉलेज तथा तकनीकी संस्थानों में जिलाधिकारी द्वारा स्वतंत्रता आंदोलन पर आधारित प्रतियोगिता आयोजित करायी जाएगी। पहले, दूसरे और तीसरे स्थान पर आने वाले विद्यालयों को आमंत्रित कर 26 जनवरी 2027 को सम्मानित किया जाएगा। द्वितीय चरण में तिरंगा महोत्सव के रूप में एक बड़ा आयोजन किया जाएगा। इसके अंतर्गत वृहद तिरंगा मेला और भव्य तिरंगा म्यूजिकल कान्सर्ट आयोजित की जाएगी।

यह जानकारी प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने मंगलवार को दी। उन्होंने बताया कि प्रदेश स्तरीय तिरंगा महोत्सव का आयोजन किसी प्रमुख स्थल पर व्यापक जनभागीदारी के साथ किए जाने के निर्देश दिए गए हैं। इस कार्यक्रम में स्थानीय विधायक, सांसद और अन्य विशिष्ट व्यक्तियों एवं खिलाड़ियों की उपस्थिति भी सुनिश्चित की जाएगी। तिरंगा मेला के आयोजन में प्रदेश सरकार के ग्राम्य विकास विभाग के स्वयं सहायता समूह द्वारा निर्मित उत्पाद तथा एमएसएमई विभाग के सहयोग से निर्मित उत्पादों को, स्थानीय उत्पादों (ओडीओपी), तिरंगा रंग की थीम वाली खाद्य सामग्री, परिधान, वस्त्र, श्रृगांर आदि की बिक्री एवं प्रदर्शन किया जाएगा।

मुख्य कार्यक्रमों के दौरान तिरंगा मेले में तिरंगा प्रदर्शनी का आयोजन, वीआईपी कार्यक्रम के दिन व्यापक जनसहभागीदारी के साथ प्रसिद्ध और स्थानीय कलाकारों द्वारा देशभक्ति पूर्ण, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ भव्य तिरंगा संगीत, कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। स्वयं सहायता समूहों, पीडीएस, दुकानों (सार्वजनिक बिक्री की दुकानों), खादी भंडारों और स्थानीय बाजारों के वस्त्रालयों आदि के माध्यम से तिरंगा की बिक्री और वितरण का प्रबंधन किया जाएगा।

सूचना विभाग काे इस अभियान के प्रचार प्रसार की जिम्मेदारी दी गयी है। हर घर तिरंगा अभियान 2026 के आयोजन के लिए संस्कृति विभाग उप्र के अपर मुख्य सचिव पर्यटन एवं संस्कृति तथा धर्मार्थ कार्य अमृत अभिजात ने इसके सफल क्रियान्वयन के लिए विभागीय प्रमुखों और जिला अधिकारियों को निर्देश जारी गए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा