home page

विपक्ष जनता के बीच भ्रम और भय का वातावरण निर्मित कर रहा है : कलराज मिश्र

 | 
विपक्ष जनता के बीच भ्रम और भय का वातावरण निर्मित कर रहा है : कलराज मिश्र


लखनऊ, 13 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में एलपीजी सिलेंडर को लेकर पूर्व राज्यपाल व भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता कलराज मिश्र ने शुक्रवार को आम जन से धैर्य रखने की अपील करते हुए कहा कि गैस की कमी नहीं है। विपक्ष द्वारा फैलाए जा रहे भ्रम से दूर रहें। केन्द्र की नरेन्द्र मोदी सरकार एलपीजी की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करेगी।

कलराज मिश्र ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर लिखा है कि यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है कि विपक्ष अपनी राजनीतिक रोटियां सेंकने के लिए जनता के बीच भ्रम और भय का वातावरण निर्मित कर रहा है। मैं स्पष्ट करना चाहता हूँ कि देश में डीजल-पेट्रोल और रसोई गैस की कोई कमी नहीं है, पर्याप्त भंडार उपलब्ध है। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने हर घर तक एलपीजी की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने हेतु तेल रिफाइनरियों को उत्पादन बढ़ाने के निर्देश दिए हैं, ताकि रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित न हो। मेरा सभी प्रबुद्ध नागरिकों से आग्रह है कि निहित स्वार्थों द्वारा फैलाई जा रही ऐसी किसी भी प्रायोजित अफवाह और झूठे प्रचार के झांसे में न आएं। आपकी सरकार जनहित और राष्ट्रहित के प्रति सदैव सजग एवं पूरी तरह संकल्पित है।

उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार की सख्ती और सही रणनीति का नतीजा ही है कि एलपीजी गैस सिलेंडर की व्यवस्था प्रदेश में पटरी पर दिख रही है। सरकार एक ओर जहां जमाखोरी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दे रही है, वहीं आम जनता से धैर्य की अपील कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप शुक्ला