home page

आगे बढ़ना है तो शिक्षा, ज्ञान व प्रशिक्षण प्राप्त करना ही होगा : राज्यपाल

 | 
आगे बढ़ना है तो शिक्षा, ज्ञान व प्रशिक्षण प्राप्त करना ही होगा : राज्यपाल


--राज्यपाल ने राजकीय बालगृह खुल्दाबाद की व्यवस्थाओं, सुविधाओं की जानकारी प्राप्त कर किया संवाद

--राज्यपाल ने किशोरों, बालिकाओं को दृढ़ संकल्प के साथ परिश्रम करने तथा सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने को कहा

प्रयागराज, 11 अप्रैल (हि.स.)। प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने शनिवार को महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित राजकीय बालगृह परिसर खुल्दाबाद पहुंचकर वहां की व्यवस्थाओं, सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त कर तथा अंतःवासियों के साथ संवाद किया।

उन्होंने राजकीय बालगृह (बालिका) की बालिकाओं द्वारा बनाये गये टीचिंग लर्निंंग मैटेरियल का अवलोकन किया और उनके बनाये गये आर्ट एण्ड क्राफ्ट मैटेरियल, टाइप आफ हाउसेस, एआई हेल्थ केयर मॉडल का अवलोकन किया। उन्होंने आवासित बच्चियों से मुलाकात कर वहां दिए जा रहे ट्रेनिंग प्रोग्राम-पाक कला, योग प्रशिक्षण, बागवानी प्रशिक्षण, सिलाई-कढ़ाई एवं क्राफ्ट प्रशिक्षण के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने बालिकाओं को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि यदि आगे बढ़ना है, तो शिक्षा, ज्ञान व प्रशिक्षण प्राप्त करना ही होगा, इसलिए आप सभी पूरे मनोयोग के साथ प्रशिक्षण प्राप्त करें तथा किसी क्षेत्र में विशेषज्ञता हासिल करें।

राज्यपाल ने कॉमन हॉल में बालगृह (बालिका) की साक्ष्य पीड़िताओं (पाक्सो पीड़ित) से संवाद किया तथा उनके शिक्षा, स्वास्थ्य एवं संस्था में प्राप्त हो रहे प्रशिक्षण की जानकारी प्राप्त करते हुए उन्हें शारीरिक व मानसिक रूप से मजबूत बनने हेतु मार्गदर्शन दिया। विचारों में सकारात्मकता लाये जाने तथा पोषण युक्त भोजन करने के साथ नियमित दिनचर्या का पालन करने के लिए कहा। उन्होंने पाक्सो पीड़ित बालिकाओं को मिष्ठान व स्वच्छता किट का वितरण किया।

इसके उपरांत उन्होंने शिशु कक्ष (0-1 वर्ष) का निरीक्षण किया। निरीक्षण में कुल 12 शिशु थे, जिनके चिकित्सा, टीकाकरण, देखभाल व उनके पोषण के बारे में जानकारी ली तथा उनकी देखभाल में लगी आयाओं को नवजात शिशुओं हेतु सेरोलैक दूध का वितरण भी किया। राज्यपाल ने भूतल पर स्थित राजकीय बाल गृह (शिशु) के कॉमन हॉल पर पहुंचकर बालगृह (शिशु) के बच्चों से संवाद किया तथा उनके साथ भोजन भी किया।

इसके उपरांत राज्यपाल ने परिसर में स्थित राजकीय सम्प्रेक्षण गृह (किशोर) के कॉमन हॉल में पहुंचकर वहां रह रहे किशोरों से संवाद किया। उन्होंने कहा ‘‘अच्छा पढ़ो, अच्छा करों और अच्छा बनो’’। उन्होंने किशोरों को नियमित रूप से योग, मेडिटेशन, साफ-सफाई से रहना, सभी कार्यों को स्वयं करना, पेंटिंग, स्पोर्ट्स एवं शैक्षिक व सांस्कृतिक गतिविधियों में बढ़ चढ़कर प्रतिभाग करने तथा अनुशासित दिनचर्या के साथ रहने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि आत्मअवलोकन करें कि आप किस क्षेत्र में ज्यादा बेहतर कर सकते हैं तथा आगे भी अपनी रूचि के अनुसार उसी दिशा में सकारात्मक सोच के साथ कार्य करें।

राज्यपाल ने वहां स्मार्ट क्लास व कम्प्यूटर की उपलब्धता की जानकारी ली। जिस पर बताया गया कि स्मार्ट क्लास बनाये जाने तथा 08 कम्प्यूटर लगाये जाने की कार्यवाही प्रक्रियाधीन है। जिस पर राज्यपाल ने किशोरों की संख्या के अनुसार वहां पर 20 कम्प्यूटर की व्यवस्था कराने तथा लाईब्रेरी में और विभिन्न विषयों की अधिक बुक रखवाने, अखबार नियमित रूप से मंगाने की व्यवस्था कराने के लिए कहा। उन्होंने सभी किशोरों को दृढ़संकल्प के साथ पिछली गलतियों को भुलाते हुए और परिश्रम करने तथा सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने के लिए कहा।

इस अवसर पर पूर्व महापौर अभिलाषा गुप्ता नंदी, प्रो0 राजेन्द्र सिंह रज्जू भैया विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. अखिलेश कुमार सिंह, जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा, डीसीपी नगर मनीष कुमार शांडिल्य, मुख्य विकास अधिकारी हर्षिका सिंह, अपर जिलाधिकारी नगर सत्यम मिश्र, सिटी मजिस्ट्रेट विनोद कुमार सिंह, उपजिलाधिकारी सदर अभिषेक सिंह, जिला प्रोबेशन अधिकारी सर्वजीत सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक पी0एन0 सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार, सीडीपीओ श्रीमती संजिता सिंह सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र