home page

फिरोजाबाद शहर को योगी सरकार की सौगात, मिला नया फ्लाईओवर

 | 
फिरोजाबाद शहर को योगी सरकार की सौगात, मिला नया फ्लाईओवर


फिरोजाबाद, 31 मार्च (हि.स.)। फिरोजाबाद शहर की जनता को जल्द ही एक नया फ्लाईओवर मिलने से जाम के झाम से मुक्ति मिलेगी। प्रदेश सरकार ने शहर के सबसे व्यस्त चौराहों से होने वाले मार्ग पर फ्लाईओवर निर्माण को मंजूरी दे दी है। इस महत्वपूर्ण परियोजना के पहले फेज के लिए सरकार ने 41 करोड़ 50 लाख रुपये की धनराशि भी जारी कर दी है।

भाजपा के सदर विधायक मनीष असीजा ने मंगलवार को बताया कि यह फ्लाईओवर फिरोजाबाद शहर में स्थित हीरो होंडा शोरूम से शुरू होकर बरी का नगला, जाटवपुरी चौराहा और नैनी ग्लास चौराहा के ऊपर से गुजरते हुए रसूलपुर थाने के सामने उतरेगा। करीब 2 किलोमीटर लम्बे इस फ्लाईओवर के निर्माण पर लगभग 118 करोड़ 58 लाख रुपये की लागत आएगी। राज्य सरकार की ओर से इस परियोजना के पहले फेज के लिए 41 करोड़ 50 लाख रुपये की धनराशि जारी कर दी गई है, जिससे जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है।

उन्होंने बताया कि फिरोजाबाद नगर से जिला मुख्यालय को जोड़ने वाले इस मुख्य मार्ग पर स्थित तीन प्रमुख चौराहों पर लम्बे समय से भीषण जाम की समस्या बनी हुई है। घनी आबादी वाले इन क्षेत्रों में यातायात दबाव अधिक होने के कारण आए दिन लम्बा जाम लगता है, सड़क दुर्घटनाएं होती हैं, फ्लाईओवर बनने से इन सभी समस्याओं से काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है। मनीष असीजा का कहना है कि यह फ्लाईओवर परियोजना शहर के विकास, सुरक्षा और आर्थिक गतिविधियों को भी नई दिशा देगी।

हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़