home page

सेवा व सुशासन की दिशा में निरन्तर आगे बढ़ रही प्रदेश सरकार : प्रभारी मंत्री

 | 
सेवा व सुशासन की दिशा में निरन्तर आगे बढ़ रही प्रदेश सरकार : प्रभारी मंत्री


नव निर्माण के 09 वर्ष के विमोचन का कार्यक्रम का सजीव प्रसारण

फतेहपुर, 18 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में बुधवार को प्रदेश सरकार में अभूतपूर्व विकास एवं शतत समृद्धि के 09 वर्ष पर वार्षिक पुस्तक “नव निर्माण के 09 वर्ष के विमोचन का कार्यक्रम” मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा लखनऊ से किया गया, जिसका सजीव प्रसारण जिला मुख्यालय स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान परिसर में प्रभारी मंत्री व इलेक्ट्रॉनिक्स तथा सूचना प्रौद्योगिकी, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग राज्यमंत्री अजीत सिंह पाल, जिला पंचायत अध्यक्ष अभय प्रताप सिंह, विधायक खागा कृष्णा पासवान, विधायक अयाह शाह विकास गुप्ता, भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव, जिलाधिकारी रविन्द्र सिंह, मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीना एवं अन्य जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, जन समूह की उपस्थिति में देखा व सुना गया।

प्रदेश की योगी सरकार के 09 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जिले के राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान परिसर फतेहपुर में 09 दिवसीय मेले का प्रभारी मंत्री द्वारा फीता काटकर शुभारम्भ किया गया।

इस अवसर पर जिला सूचना कार्यालय द्वारा प्रदेश सरकार के 09 वर्ष में किए गए विकास कार्यों पर आधारित चित्र प्रदर्शनी लगाई गई जो मेले में आकर्षण का केंद्र रही। परिसर में रोज़गार मेले का भी आयोजन किया गया जिसमें आयी हुई कंपनियों द्वारा अभ्यर्थियों का साक्षात्कार के माध्यम से चयन किया गया। ऋण मेले में नागरिकों को स्वरोजगार से जुड़ने के लिए केन्द्र सरकार व राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी दी गई।

कैंप के दौरान लाभार्थियों को ऋण वितरण किया गया तथा लगभग 40 करोड़ रुपये की धनराशि वितरित की गई। उपस्थित लाभार्थियों ने शासन एवं प्रशासन के इस प्रयास की सराहना की।

प्रभारी मंत्री ने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार के 09 वर्ष पूर्ण होने पर बहुत खुशी हो रही है, क्योंकि प्रदेश सरकार सेवा और सुशासन की दिशा में निरन्तर आगे बढ़ रही है, हर क्षेत्र में विकास तेजी से हुआ है, जो कि धरातल पर स्पष्ट रूप से देखने को मिल रहा है। देश में प्रदेश एक आकर्षक विकास का केंद्र बन रहा है। प्रदेश में बुनियादी ढांचा विकसित किया गया है, जिससे कि लोगों को सहूलियतें मिल रही है और समृद्धि की ओर बढ़ रहा है। 09 वर्षों में प्रदेश डिजिटल क्रांति में आगे बढ़ रहा है, आईटी जैसे सेक्टर के उत्पाद का उत्पादन प्रदेश में हो रहा है। प्रदेश में पूर्व सरकारों की अपेक्षा मेडिकल की सुविधाओं में अधिक प्रगति हुए है, जिसका लाभ लोगों को मिल रहा है। हमारी सरकार में गरीबों और वंचितों के जीवन स्तर में सुधार हुआ है। युवाओं को रोजगार मिल रहा है, प्रदेश के 09 वर्ष में 09 लाख लोगों को रोजगार दिया गया है। प्रदेश के युवा नौकरी लेने वाले नहीं नौकरी देने वाले बन रहे है। उत्तर प्रदेश घोषणाओं वाला प्रदेश नहीं है बल्कि परिणाम देने वाला प्रदेश है।

प्रभारी मंत्री ने आईटीआई परिसर में आयोजित वृहद रोजगार मेला में विभिन्न कंपनियों द्वारा चयनित किए गए अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र, सीएम उद्यमी के ऋण वितरण, समूह की महिलाओं को चेक वितरण, टूल किट वितरण, दिव्यांग ट्राईसाईकिल का वितरण किया।

जिलाधिकारी ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा संचालित जन कल्याणकारी योजनाओं से पात्र लोगों को पारदर्शिता के साथ लाभांवित किया जा रहा है। लोगो में प्रदेश सरकार के प्रति विश्वास बढ़ा है, यह मेला शासन के निर्देशानुसार 09 दिनों तक चलेगा, जिसमें लाभांवित हुए योजनाओं के लाभार्थियों के साथ परिचर्चा और उनके जीवन स्तर में हुए सुधार और योजनाओं से संबंधित गोष्ठियां भी कराई जाएगी।

इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक डीआरडीए, जिला प्रोबेशन अधिकारी, प्रधानाचार्य आईटीआई, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला दिव्यांग जन सशक्तिकरण अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र कुमार