home page

बारिश-आंधी से तबाही के पीड़ितों को तत्काल मुआवजा दे सरकार : भाकपा

 | 
बारिश-आंधी से तबाही के पीड़ितों को तत्काल मुआवजा दे सरकार : भाकपा


लखनऊ, 27 सितंबर (हि.स.)। भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (माले) ने उत्तर प्रदेश में पिछले तीन दिनों से जारी बारिश और आंधी से हुई व्यापक तबाही पर गहरी चिंता जताते हुए राज्य सरकार से प्रभावित परिवारों को तत्काल पर्याप्त मुआवजा देने की मांग की है।

पार्टी के राज्य सचिव सुधाकर यादव ने रविवार को जारी बयान में कहा कि लगातार बारिश और आंधी ने प्रदेश के कई इलाकों में जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। इस प्राकृतिक आपदा में कई लोगों की जान चली गई, बड़ी संख्या में मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं। किसानों की खड़ी फसलें बर्बाद हो गई हैं और पशुधन का भी भारी नुकसान हुआ है। कई इलाके जलमग्न हैं और लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

भाकपा (माले) नेता ने कहा कि बारिश और आंधी से हुई तबाही ने गरीबों, मजदूरों और किसानों की मुश्किलें कई गुना बढ़ा दी हैं। जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया है, सरकार को उन्हें तत्काल पर्याप्त आर्थिक सहायता देनी चाहिए। जिन गरीब परिवारों के मकान ढह गए हैं, उन्हें आवास निर्माण के लिए समुचित मुआवजा दिया जाए। फसल और पशुधन के नुकसान का तत्काल आकलन कर किसानों और पशुपालकों को उचित मुआवजा दिया जाए।

भाकपा (माले) नेता ने योगी सरकार से मांग की कि बारिश और आंधी से हुई जन-धन की क्षति को आपदा मानते हुए युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव कार्य चलाए जाएं और किसी भी पीड़ित परिवार को सरकारी सहायता से वंचित न रखा जाए।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / दीपक