गोरखपुर में पूरी हुई एसआईआर प्रक्रिया, 10 अप्रैल को जारी होगी मतदाता सूची
गोरखपुर, 27 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत मतदाता सूची के व्यापक अद्यतन की प्रक्रिया निर्धारित समय सीमा में पूरी कर ली गई है। प्रशासन ने 6 मार्च तक प्राप्त सभी आवेदनों का निस्तारण कर दिया, जबकि शुक्रवार 27 मार्च को दावे और आपत्तियों के निस्तारण की अंतिम तिथि के अवसर पर शेष सभी मामलों का भी पूरी पारदर्शिता और गंभीरता के साथ निपटारा कर दिया गया। अब अंतिम मतदाता सूची 10 अप्रैल 2026 को जारी की जाएगी।
गोरखपुर शहर विधानसभा क्षेत्र में इस अभियान में लगभग 44 हजार आवेदन (फॉर्म 6, 7 और 8) प्राप्त हुए थे। इनमें नए मतदाता पंजीकरण, मृत या स्थानांतरित मतदाताओं के नाम विलोपन तथा मतदाता विवरण में संशोधन से संबंधित आवेदन शामिल थे। प्रशासन ने इन सभी आवेदनों का निस्तारण किया। अभियान के अंतिम दिन शुक्रवार का सदर तहसील स्थित बीआरसी केंद्र पर विशेष सक्रियता देखने को मिली। एआरओ/ एसडीएम सदर दीपक गुप्ता ने स्वयं मौके पर उपस्थित रहकर पूरी प्रक्रिया की निगरानी की।
गौरतलब है कि गोरखपुर शहर विधानसभा में वर्तमान में कुल 4,18,740 मतदाता पंजीकृत हैं। एसआईआर प्रक्रिया के तहत हुए संशोधनों के बाद इस संख्या में आवश्यक परिवर्तन भी परिलक्षित होंगे। अंतिम मतदाता सूची में नए मतदाताओं के नाम शामिल किए जाएंगे, जबकि अपात्र या स्थानांतरित व्यक्तियों के नाम हटाए जाएंगे। साथ ही, जिन मतदाताओं के विवरण में त्रुटियां थीं, उन्हें भी ठीक किया गया है। पूरे जिले बात करें तो यहां की नौ विधानसभाओं में कुल 2,83,900 आवेदन प्राप्त हुए थे। यह संख्या दर्शाती है कि मतदाता सूची के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ी है और वे अपने अधिकारों के प्रति सजग हैं। सभी तहसीलों में तैनात एआरओ (सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी) /एसडीएम ने अपने-अपने क्षेत्रों में इन आवेदनों का गंभीरता से परीक्षण किया और निर्धारित समयसीमा के भीतर उनका निस्तारण सुनिश्चित किया।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 10 अप्रैल 2026 को किया जाएगा। इसके बाद मतदाता सूची पूरी तरह अपडेटेड और उपयोग के लिए तैयार होगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

