home page

गोरखपुर : मिशन शक्ति टीम ने नदी में कूदने से पहले महिला काे सुरक्षित बचाया

 | 
गोरखपुर : मिशन शक्ति टीम ने नदी में कूदने से पहले महिला काे सुरक्षित बचाया


गोरखपुर, 18 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद गोरखपुर के सिकरीगंज थाना क्षेत्र में पुलिस टीम की वजह से एक महिला की जान बच गई। पारिवारिक विवाद से क्षुब्ध होकर कुआनो नदी पुल से नदी में कूदकर आत्महत्या का प्रयास कर रही महिला को थाना सिकरीगंज की मिशन शक्ति टीम में तैनात दो महिला आरक्षियों ने समय रहते सुरक्षित बचा लिया। महिला आरक्षियों की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से एक अनमोल जीवन की रक्षा हो सकी।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 17 अक्टूबर की रात करीब 10 बजे दुर्गापूजा के मद्देनजर थाना सिकरीगंज की पुलिस टीम शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए ड्यूटी पर तैनात थी। इसी दौरान महिला आरक्षी मालती मझवार और महिला आरक्षी स्मृति यादव क्षेत्र में गश्त कर रही थीं। गश्त के दौरान उनकी नजर कस्बा सिकरीगंज स्थित कुआनो नदी पुल पर आत्महत्या का प्रयास कर रही एक महिला पर पड़ी। महिला पारिवारिक विवाद के कारण मानसिक रूप से परेशान थी और नदी में कूदने की कोशिश कर रही थी।

स्थिति की गंभीरता को समझते हुए दोनों महिला आरक्षियों ने बिना देर किए तत्परता और सूझबूझ का परिचय दिया। उन्होंने तत्काल हस्तक्षेप कर महिला को सुरक्षित बचा लिया । सिकरीगंज में महिला आरक्षियों की इस त्वरित कार्रवाई ने पुलिस की जिम्मेदारी, सतर्कता और संवेदनशीलता को रेखांकित किया है। साथ ही यह संदेश भी दिया है कि संकट के समय समय पर मिलने वाली मदद किसी की जिंदगी बचाने में निर्णायक साबित हो सकती है l

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय